US-Iran War Update: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि अगर वॉशिंगटन ने तेहरान के प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया और सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की दिशा में कदम नहीं उठाया तो उसे गंभीर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। अराघची ने कहा कि ईरान का दो दिनों वाला प्रस्ताव अभी भी बरकरार है। अमेरिका के सामने अब बातचीत और युद्ध में से किसी एक को चुनने का विकल्प है।
अराघची ने रविवार, 8 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए 'व्हाइट हाउस' को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा, "अमेरिकी मतदाताओं ने अपना फैसला सुना दिया है। अब व्हाइट हाउस को अपना फैसला करना है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका अगर ईरान की शर्तें मान लेता है तो समझौते की दिशा में सकारात्मक नतीजे देखने को मिल सकते हैं। उनकी प्रमुख मांगों में सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करना शामिल है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर अमेरिका ने युद्ध का रास्ता चुना तो ईरान के सतर्क और युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार लड़ाके उस पर कहर बरपा देंगे।
अमेरिकी चुनाव के नतीजों से बातचीत पर पड़ा असर?
ईरानी विदेश मंत्री ने तेहरान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका के मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद संघर्ष खत्म करने के लिए चल रही बातचीत की रफ्तार धीमी पड़ गई है। अराघची के मुताबिक, अमेरिकी चुनाव के नतीजों ने सभी को चौंकाया है और इसका असर कूटनीतिक माहौल पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थों को दोनों देशों के बीच बातचीत दोबारा शुरू कराने के लिए कुछ समय देना होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल माहौल को सामान्य होने का इंतजार करना होगा, ताकि मध्यस्थ फिर से अपनी यात्राएं शुरू कर सकें और दोनों पक्षों को समझौते के करीब लाने की कोशिश कर सकें।
ट्रंप बोले- समझौता हुआ तो ईरान पर दोबारा हमला नहीं
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। 'CNN' को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान अमेरिका के साथ एक मजबूत समझौते पर साइन कर देता है तो उस पर दोबारा अमेरिकी सैन्य हमले की जरूरत शायद नहीं पड़ेगी। ट्रंप ने कहा कि यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान अमेरिका की शर्तों को स्वीकार करता है या नहीं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पिछले सैन्य हमलों और आर्थिक दबाव ने ईरान को काफी कमजोर कर दिया है। ट्रंप ने ईरान की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उसे असफल राष्ट्र बताया और 301 फीसदी महंगाई का आंकड़ा भी पेश किया।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को सैन्य स्तर पर काफी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उसे और भी बड़ा झटका दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल उन्हें नहीं लगता कि दोबारा हमले की जरूरत पड़ेगी। लेकिन अगर ऐसा जरूरी हुआ तो अमेरिका कार्रवाई करेगा।
ट्रंप का दावा- एक घंटे में तबाह कर सकते हैं ईरान के 38 पुल
ट्रंप ने अपने बयान में ईरान को एक और बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के 38 पुलों को संभावित निशाने के रूप में चयन किया है। उन्हें महज एक घंटे के भीतर नष्ट किया जा सकता है। CNN के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के निशाने पर 38 पुल हैं, जिन्हें एक घंटे में गिराया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहते, क्योंकि इन पुलों को दोबारा बनाने में करीब 10 साल लग सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि पुलों का निर्माण बेहद कठिन काम है और इन्हें नष्ट करने के बाद दोबारा तैयार करने में लंबा समय लगेगा।
परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य पर टिकी नजरें
अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी ऐसे समय तेज हुई है, जब दोनों देशों के बीच संघर्ष समाप्त कराने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। बातचीत में ईरान का परमाणु कार्यक्रम और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने जैसे मुद्दे अहम बने हुए हैं। ईरान के विदेश मंत्री ने जहां अमेरिका को बातचीत या युद्ध में से एक रास्ता चुनने की चेतावनी दी है। वहीं ट्रंप ने मजबूत समझौते की शर्त रखी है। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर रहेगी।