US-Israel-Iran War: सऊदी अरब में एक आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है। रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार (9 मार्च) को यह बात कही। दूतावास ने कहा कि रविवार को इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गई।"
दूतावास ने बताया कि वह इस मामले में संबंधित सऊदी प्रशासन के संपर्क में है। काउंसलर (कम्युनिटी वेलफेयर) वाई साबिर ने रविवार रात अल खर्ज का दौरा किया और घटना में घायल हुए भारतीय नागरिक से मुलाकात की। दूतावास ने बताया, "उनका (घायल व्यक्ति का) अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।"
रविवार को 'सऊदी सिविल डिफेंस' ने बताया था कि अल खर्ज में रखरखाव और सफाई से संबंधित एक कंपनी के आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक था। उसने कहा था कि इस घटना में एक बांग्लादेशी नागरिक की भी मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। हालांकि, सऊदी प्रशासन ने मृतकों की पहचान जारी नहीं की थी।
अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी से ईरान पर संयुक्त हमला शुरू किया था। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तेहरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर नए समझौते के लिए दबाव बढ़ाने के बाद कई दिनों से की जा रही तैयारियों के बाद हुआ। ईरान की जवाबी कार्रवाई ने युद्ध को पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैला दिया।
अपने नागरिकों को मदद का दिया आश्वासन
सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ डिजिटल माध्यम से बातचीत की। इस दौरान ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों के बाद उन्हें सहायता का आश्वासन दिया। खान के साथ मिशन के उप प्रमुख अबू मथेन जॉर्ज और काउंसलर (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर भी थे। X पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, राजदूत ने समुदाय को आश्वासन दिया कि दूतावास जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।
खान ने समुदाय के प्रतिनिधियों को दूतावास की हालिया पहल के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए 24 घंटे चालू रहने वाले कंट्रोल रूम की स्थापना शामिल है। समुदाय के प्रतिनिधियों ने दूतावास की पहल और सहयोग की सराहना की।
भारतीय मिशन ने सऊदी अरब में रविवार को अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी किया कि वे सतर्क रहें। साथ ही सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें। उनसे यह भी कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सलाह का सावधानीपूर्वक अनुसरण करें।
यह एडवाइजरी अमेरिका और ईरान के बीच टकराव के मद्देनजर जारी किया गया है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कई विमानन कंपनियां रियाद, जेद्दा, दम्माम और भारतीय शहरों के बीच उड़ानें संचालित कर रही हैं। भारत और सऊदी अरब की विमानन कंपनियों ने जेद्दा और मदीना में अपनी सामान्य उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं।