Iran-US War: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध नए खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर नए सिरे से हमले किए हैं। ईरान की ऑयल इकोनॉमी के लिए यह आइलैंड बेहद अहम है। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने इन हमलों के बाद ईरान और भयानक नतीजे भुगतने की चेतावनी दी है। साथ ही उन्होंने ईरान में पूरी तरह से सत्ता परिवर्तन करने की ओर भी इशारा किया।
ट्रंप ने चेतावनी दी कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई विनाशकारी साबित हो सकती है और इसका असर इतना व्यापक हो सकता है कि “एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है।” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब उन्होंने ईरान को स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसकी समयसीमा खत्म होने के करीब है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह हमला ईरान में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि अब “पूर्ण और संपूर्ण सत्ता परिवर्तन” की स्थिति बन रही है, जिससे ईरान में नई और कम कट्टरपंथी सोच उभर सकती है।
‘इतिहास का अहम मोड़’ बताया
ट्रंप ने इस पूरे घटनाक्रम को विश्व इतिहास का एक अहम पल बताते हुए कहा कि “ईरान में 47 सालों से चल रही जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और हिंसा अब खत्म हो सकती है।” उन्होंने पहले भी चेतावनी दी थी कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज को नहीं खोलता, तो अमेरिका उसके इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप के पोस्ट का स्क्रीनशॉट आप नीचे देख सकते हैं-
खार्ग आइलैंड पर हमला, ईरान की अर्थव्यवस्था पर चोट
अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के खार्ग आइलैंड को निशाना बनाया गया। यह ईरान का सबसे बड़ा ऑयल एक्सपोर्ट टर्मिनल माना जाता है। इस आईलैंड को ईरान की अर्थव्यवस्था की लाइफलाइन भी कहा जाता है।
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलों के दौरान कई जोरदार विस्फोट हुए और रडार स्टेशन, डॉक सुविधाएं और सैन्य ठिकाने प्रभावित हुए हैं। इस हमले को ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा झटका माना जा रहा है। इस हमले के बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष और तेज होने की आशंका बढ़ गई है।