Shahtoot Benefits: फल कोई भी हों, आमतौर पर सभी सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। इसकी वजह ये है कि इनमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। शहतूत भी एक ऐसा ही फल जो कई तरह के गुणों से भरपूर है। आयुर्वेद में इसके औषधीय गुणों के बारे में काफी बखान किया गया है। इसमें पोटेशियम, विटमिन A और फास्फोरस भरपूर मात्रा में पाया जाता है। ज्यादातर लोगों को शहतूत बेहद पसंद होता है। ये स्वादिष्ट, मीठा और रसीला फल होता है। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी है जिन्हें शहतूत बिल्कुल अच्छा नहीं लगता है।
आमतौर पर खुले मैदान में शहतूत का पौधा ज्यादा उगता है। इसके रंगों की बात करें तो कच्चा होने पर हरा, पकने पर लाल, बैंगनी दिखता है। शहतूत को अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए। शहतूत खाने से इम्यूनिटी बढ़ती है। इसके साथ ही शरीर को अन्य फायदे भी मिलते हैं।
आज कल बाल झड़ना तो आम बात हो गई है। शहतूत में एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं। यह स्किन और बालों के लिए बेहद जरूरी तत्व है। यह स्किन को रूखेपन से बचाता है और बालों को अपने नेचुरल कलर को बरकरार रखने में मदद करता है। इतना ही नहीं शहतूत के सेवन से बालों का झड़ना भी कम हो जाता है।
शहतूत का एक गुण डाइजेस्टिव सिस्टम को सुधारना भी है। अगर आप गैस, एसिडिटी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं तो उनके लिए यह किसी टॉनिक से कम नहीं है। यह पाचन तंत्र में आई सूजन को भी कम करता है।
कैंसर के मरीजों के लिए है वरदान
शहतूत कैंसर के जोखिम को कम करने में शरीर की मदद करता है। दरअसल शहतूत में पॉलीफेनोल्स और फ्लेवोनॉयड जैसे प्लांट बेस्ड यौगिक मौजूद होते हैं। यह कैंसर सेल्स को कम करने में मदद करते हैं। इस तरह से शहतूत कैंसर रोगियों को कई तरह की परेशानियों से बचाने मदद करता है।
शहतूत में विटामिन C, विटामिन A और एंटी-ऑक्सीडेंट पाया जाता है। इससे इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद मिलती है। इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए आप शहतूत के जूस का सेवन कर सकते हैं।
शहतूत के सेवन से लिवर से जुड़ी समस्याओं में राहत मिलती है। इतना ही नहीं यह किडनी के लिए भी फायदेमंद माना गया है।