Saroja Pharma IPO Listing: फार्मा सेक्टर की कंपनी सरोजा फार्मा (Saroja Pharma) के आईपीओ में खुदरा निवेशकों ने जमकर पैसे लगाए थे और अब आज इसकी NSE के SME प्लेटफॉर्म पर एंट्री हुई है। खुदरा निवेशकों के लिए आईपीओ का आरक्षित हिस्सा 14 गुना से अधिक भरा था। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर 84 रुपये के भाव पर जारी हुए थे। आज NSE SME पर इसकी 65 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि लिस्टिंग पर उन्हें करीब 23 फीसदी का घाटा हुआ।
हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयर रिकवर हो रहे हैं तो घाटा कम हो रहा है। पहले दिन यह 68.25 रुपये के भाव (Saroja Pharma Share Price) पर पहुंच गया जो आज का अपर सर्किट था यानी कि आज जितना घाटा रिकवर हो सकता था, उतना हो गया। आईपीओ निवेशक पहले दिन फिलहाल करीब 19 फीसदी घाटे में हैं।
Saroja Pharma IPO में खुदरा निवेशकों ने जमकर लगाए थे पैसे
सरोजा फार्मा का 9.11 करोड़ रुपये का आईपीओ 31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच खुला था। इस आईपीओ में खुदरा निवेशकों ने जमकर पैसे लगाए थे और उनके लिए आरक्षित हिस्सा 14.83 गुना भरा था। ओवरऑल यह इश्यू 8.88 गुना सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 10,84,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल API (एक्टिव फार्मा इनग्रेडिएंट) मैनुफैक्चरिंग प्लांट लगाने, कर्ज चुकाने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
यह फार्मा कंपनी स्पेशियलिटी केमिकल्स और API के कारोबार में है। इसका कारोबार मुख्य रूप से तीन प्रकार की प्रोडक्ट कैटेगरी में है-केमिकल, फार्मा इंटरमीडियरी और वर्टिनरी फार्मा। इसके प्रोडक्ट्स का निर्यात मुख्य रूप से पाकिस्तान, इजिप्ट, रुस, जॉर्डन, हॉन्ग कॉन्ग, सिंगापुर को किया जाता है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021 में इसे 73.13 लाख रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था जो अगले ही वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 1.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि अगले ही वित्त वर्ष 2022-23 में यह घटकर 1.06 करोड़ रुपये पर आ गया।