सरकार का जोर सर्कुलर इकॉनमी (Circular Economy) बनाने पर है। इसी को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ऑटो डीलर्स को वेईकल स्क्रैपिंग फैसिलिटीज भी खोलने को कहा है। उन्होंने ये बातें पांचवे ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव में कही। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मौके पर कहा कि सरकार सर्कुलर इकॉनमी को बढ़ावा दे रही है। इस नीति के तहत डीलर्स को वेईकल स्क्रैपिंग फैसिलिटीज शुरू करने के लिए डीलर्स को मंजूरी दी जाएगी। सर्कुलर इकॉनमी मैटेरियल या प्रोडक्ट्स के फिर से इस्तेमाल और रीजेनेरेशन पर आधारित इकनॉमिक सिस्टम है। इसका मतलब हुआ कि सर्कुलर इकॉनमी में पुरानी गाड़ियों को स्क्रैपिंग फैसिलिटीज में रीसाईकिल कर इस्तेमाल लायक चीजें तैयार की जाएंगी।
Biofuel को बढ़ावा दे रही सरकार
ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फ्यूल को लेकर सरकार की स्ट्रैटजी के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक ईंधन और बॉयोफ्यूल के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार की योजना भारत को ग्रीन हाईड्रोजन का सबसे बड़ा उत्पादक देश बनाने की है। ग्रीन हाइड्रोजन रिन्यूएबल एनर्जी सोर्सेज से हासिल होने वाली हाईड्रोजन है जिसे या तो इलेक्ट्रोलाइसिस या बॉयोमॉस कंवर्जन के जरिए हासिल किया जा सकता है।
नितिन गडकरी का ये है सपना
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का कहना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया भर में सबसे तेजी से बढ़ रही है और अब इसे 5 ट्रिलियन डॉलर यानी 5 लाख डॉलर की इकॉनमी बनाने में ऑटो डीलर्स की भूमिका अहम होने वाली है। यात्री गाड़ियों को प्रोडक्शन के मामले में भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा देश है। वहीं कॉमर्शियल गाड़ियों के मामले में यह दुनिया का छठा सबसे बड़ा देश है। कॉन्क्लेव में केंद्रीय मंत्री ने अपने सपने के बारे में बताया कि उनका सपना भारत को दुनिया का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल हब बनाने का है।