गर्मियों का मौसम टमाटर की खेती के लिए चुनौती भरा माना जाता है। तेज़ धूप, बढ़ता तापमान और पानी की कमी अक्सर किसानों के मन में डर पैदा कर देती है। लेकिन अगर सही समय और सही तकनीक अपनाई जाए, तो यही मौसम किसानों के लिए कमाई का सुनहरा अवसर बन सकता है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे फरवरी में नर्सरी तैयार करें और मार्च तक रोपाई कर दें। इससे पौधे गर्मियों की तेज़ धूप और लू का सामना कर सकते हैं और अप्रैल–मई में भी बंपर पैदावार देने में सक्षम होते हैं। इसके अलावा, गर्मियों में टमाटर की मांग और कीमत बढ़ जाती है, जिससे किसानों को प्रति किलोग्राम ज्यादा मुनाफा मिलता है।
सफल खेती के लिए मिट्टी की तैयारी, उर्वरक का सही इस्तेमाल, और पानी की नियमित आपूर्ति बेहद जरूरी है। यदि किसान इन सभी बातों का ध्यान रखें, तो गर्मियों का मौसम उनके लिए नुकसान नहीं बल्कि लाभ का स्रोत बन सकता है।
सफल खेती के लिए खेत की मिट्टी भुरभुरा और उपजाऊ होना जरूरी है। इसे सुनिश्चित करने के लिए खेत की 3–4 बार जुताई करनी चाहिए। अंतिम जुताई में गोबर या कम्पोस्ट डालने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और पौधों को जरूरी पोषण मिलता है। फल बड़े, चमकदार और मजबूत होते हैं, जो बाजार में अच्छे दाम दिलाते हैं।
गर्मी में टमाटर के लिए हाइब्रिड किस्में चुनना बहुत जरूरी है। उदाहरण के लिए, सिंजेंटा 6242 अधिक उत्पादन देती है और रोगों के प्रति सहनशील है। हिमशिखर किस्म गर्मी और बदलते मौसम में टिकाऊ है, जबकि काशी विशेष जल्दी तैयार होकर जल्दी मुनाफा देती है। इन किस्मों से प्रति हेक्टेयर 50–90 टन तक उत्पादन संभव है।
आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल
सिर्फ अच्छे बीज से ही काम नहीं चलता। ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग पेपर का उपयोग मिट्टी की नमी बनाए रखता है और पानी की बचत करता है। इससे फसल पर गर्मी का असर कम होता है और उत्पादन 20–30% तक बढ़ सकता है।
फसल की सुरक्षा और संतुलित पोषण
गर्मियों में कीट और रोग नियंत्रण जरूरी है। तेज धूप और लू से बचाने के लिए समय-समय पर सिंचाई करें, दवाइयों का छिड़काव करें और संतुलित NPK खाद दें।
सही देखभाल और तकनीक से एक पौधे से 5–8 किलो टमाटर उत्पादन संभव है। स्मार्ट प्लानिंग के साथ गर्मी का मौसम नुकसान नहीं बल्कि कमाई का सुनहरा अवसर बन सकता है।