Elon Musk की कंपनी Tesla जल्द ही नई दिल्ली के एयरोसिटी कॉम्प्लेक्स में शोरूम खोलने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टेस्ला दिल्ली में 16 सुपरचार्जर और 15 डेस्टिनेशन चार्जर के साथ चार प्रमुख चार्जिंग स्टेशन लगाने जा रही है। ये सुविधाएं इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगी। बता दें कि दिल्ली से पहले Tesla ने अपनी शुरुआत मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में पहला एक्सपीरियंस सेंटर खोलकर की थी।
Tesla Model Y की भारत में बुकिंग शुरू
Tesla की पहली इलेक्ट्रिक SUV Model Y अब भारत में लॉन्च हो चुकी है। कंपनी ने इसकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है, जो देशभर से की जा सकती है। हालांकि शुरुआती फेज में इसकी डिलीवरी केवल दिल्ली, मुंबई, पुणे और गुरुग्राम के ग्राहकों को दी जाएगी।
भारत में Tesla Model Y दो वेरिएंट्स में पेश की गई है, जिनमें Standard रेंज RWD और Long रेंज AWD शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, फुल चार्ज पर RWD वेरिएंट की रेंज 500 Km है, जबकि AWD मॉडल 622 Km की रेंज ऑफर करता है। इसके RWD वेरिएंट में 60 kWh और AWD वेरिएंट में 75 kWh की बैटरी लगाई गई है।
कीमत की बात करें तो RWD वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 59.89 लाख रुपये रखी गई है। जबकि AWD वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 67.89 लाख रुपये है।
भारत में बन रहे हैं Tesla Superchargers
Tesla अब भारत में EV यूजर्स की सुविधा बढ़ाने के लिए चार प्रमुख शहरों में चार्जिंग स्टेशन खोलने की तैयारी कर रही है। इन स्टेशनों पर कुल 16 सुपरचार्जर और 15 डेस्टिनेशन चार्जर लगाए जाएंगे, जो यूजर्स को फास्ट चार्जिंग का बेहतरीन अनुभव देंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Tesla पहले से ही 70,000 से ज्यादा सुपरचार्जर और 7,000 से अधिक चार्जिंग स्टेशनों का संचालन कर रही है, जिससे वह वैश्विक EV इकोसिस्टम में अग्रणी बनी हुई है।
Tesla India की टीम में होगा लोकल टैलेंट
Tesla ने साफ किया कि वह भारत में अपने सभी ऑपरेशंस के लिए केवल स्थानीय भारतीय टैलेंट पर भरोसा करेगी। कंपनी का मानना है कि इस कदम से न केवल देश में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि भारत को वैश्विक इलेक्ट्रिक व्हीकल इकोसिस्टम में एक मजबूत लीडरशिप रोल निभाने का मौका भी मिलेगा।
दिल्ली में खुलेगा Tesla का नया सेंटर
दिल्ली में टेस्ला का नया एक्सपीरियंस सेंटर दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के पास स्थित एयरोसिटी कॉम्प्लेक्स में खुलने वाला है। यह जगह दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास है, जिससे ग्राहकों की पहुंच आसान हो जाती है और अधिक भीड़भाड़ वाले जगहों से बचा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस एक्सपीरियंस सेंटर पर काम लगभग पूरा हो चुका है और यह कुछ ही हफ्तों में ग्राहकों के लिए खुल सकता है। यह शोरूम ग्राहकों को टेस्ट ड्राइव, बुकिंग, और डिजिटल अनुभव का पूरा इंटीग्रेटेड सिस्टम उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें एक इंटरएक्टिव और प्रीमियम फील मिलेगा।