E20 Petrol: सोशल मीडिया पर इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल की व्यापक आलोचना के बीच, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर बात की। दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, मंत्री ने बायोफ्यूल की अधिक मात्रा में ब्लेंडिंग को बढ़ावा देने के सरकार के कदम का बचाव किया। इसके अलावा, उन्होंने मध्य पूर्व संकट के कारण ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर भी बात की।
क्या E20 पेट्रोल से माइलेज कम होता है?
इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज कम होने के बारे में बात करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गाड़ी मालिकों को माइलेज में थोड़ी कमी दिख सकती है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल से गाड़ी की रफ्तार पकड़ने की क्षमता (एक्सेलरेशन) भी बेहतर होती है और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए रेसिंग कारों में भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा, कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि E20 पेट्रोल से माइलेज कम हो जाएगा। लेकिन यह पहले से साबित है कि एथेनॉल का इस्तेमाल रेसिंग कारों में भी किया जाता है। इससे गाड़ी की एक्सीलरेशन (तेजी पकड़ने की क्षमता) बेहतर होती है और “नॉकिंग” भी कम होती है। हालांकि, उन्होंने माना कि माइलेज में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन यह बहुत मामूली होती है और कई कारणों पर निर्भर करती है।
E20 पेट्रोल के इस्तेमाल की वजह से इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट होने की अफवाहों पर बात करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने फिर कहा कि इंश्योरेंस कंपनियों ने पहले ही ऐसी बातों को खारिज कर दिया है। मंत्री ने अपने बयान में कहा, "कोई कहता है, 'अब आपका इंश्योरेंस इसे कवर नहीं करेगा'। इंश्योरेंस कंपनियों ने पहले ही साफ़ कर दिया है कि ऐसी कोई समस्या नहीं है।"
ज्यादा इथेनॉल-ब्लेंड वाले ईंधन
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह भी कहा, "इलेक्ट्रिक वाहनों और बायोफ्यूल-ब्लेंडेड वाहनों के लिए गुंजाइश है, और अभी हम इथेनॉल ब्लेंडिंग के मामले में 20% के स्तर पर हैं। अगर हम 20% से 25% की ओर बढ़ते हैं, तो ऐसा सभी जरूरी टेस्ट पूरे होने के बाद ही होगा। उन्होंने कहा, हाइब्रिड वाहनों और CNG वाहनों के लिए भी काफी गुंजाइश है।"
बता दें कि सरकार ने पहले 22%, 25%, 27% और 30% इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल के लिए BIS स्टैंडर्ड्स की घोषणा की थी और साथ ही इन ईंधनों पर एक्साइज ड्यूटी में छूट भी दी थी। हालांकि, बाद में पुरी के मंत्रालय ने साफ किया कि ये कदम पूरी तरह से रेगुलेटरी थे और इनका मतलब यह नहीं था कि ज्यादा इथेनॉल-ब्लेंडेड ईंधन तुरंत लॉन्च किए जा रहे हैं।