राजस्थान में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज, खराब गाड़ियों की ब्रांडिंग का है आरोप

राजस्थान के भरतपुर में फिल्म स्टार शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है। उन पर आरोप है कि वह खराब गाड़ियों की ब्रांडिंग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने हुंडई कंपनी के एमडी सहित कंपनी 4 और लोगों के खिलाफ शिकायत की है।

अपडेटेड Aug 27, 2025 पर 11:17 AM
राजस्थान में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

राजस्थान के भरतपुर में फिल्म स्टार शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है। उन पर आरोप है कि वह खराब गाड़ियों की ब्रांडिंग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने हुंडई कंपनी के एमडी, होल टाइम डायरेक्टर सहित 4 लोगों के खिलाफ भी शिकायत की है। गाड़ी के मालिक का आरोप है कि लगभग 24 लाख रुपये की कीमत देने के बाद भी उन्हें ‘खराब’ कार दी गई और शिकायत करने के बाद भी न तो गाड़ी रिप्लेस की गई और न ही पैसे वापस मिले। इसलिए उन्होंने मथुरा गेट थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।

शाहरुख-दीपिका क्यों फंसे?

दरअसल, भरतपुर के अनिरुद्धनगर के रहने वाले कीर्ति सिंह ने आरोप लगाया कि जून 2022 में उन्होंने सोनीपत (हरियाणा) के कुंडली स्थित मालवा ऑटो सेल्स प्राइवेट लिमिटेड से 23,97,353 रुपये में हुंडई Alcazar खरीदी थी। उनका कहना है कि गाड़ी चलाने के छह से सात महीने बाद ही उसमें बार-बार खराबी आने लगी। तेज रफ़्तार पर चलाने पर कार आवाज़ करने लगी और वाइब्रेट करने लगी। इंजन मैनेजमेंट सिस्टम पर मालफंक्शन के सिग्नल आने लगे। इसके बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए एजेंसी के अधिकारियों से संपर्क किया तो कोई सुनवाई नहीं हो पाई। एजेंसी के लोगों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला तो कीर्ति सिंह ने मजबूर होकर कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कराने का फैसला किया।


उन्होंने बताया कि कंपनी ने न तो खराब कार को रिप्लेस किया और न ही कार के पैसे वापस किए। ऐसे में मैंने Hyundai कार एजेंसी के ब्रांड एम्बेसडर शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और कंपनी के अधिकारी एंसो किम, तरुण गर्ग, नितिन शर्मा, प्रियंका शर्मा और अन्य के खिलाफ तकनीकी रूप से खराब कार बेचकर धोखाधड़ी करने का मामला मथुरा गेट पुलिस थाने में दर्ज कराया है।

 पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी

मथुरा गेट थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि कीर्ति सिंह नाम के शख्स ने सोनीपत से गाड़ी खरीदी थी। गाड़ी खराब निकलने पर उन्होंने Hyundai मोटर्स कंपनी से शिकायत की, लेकिन कंपनी उसको ठीक से एड्रेस नहीं कर पाई। ऐसे में उन्होंने कंपनी के एमडी और गाड़ी का सोशल मीडिया और टीवी पर प्रचार करने वाले फिल्मी सितारों शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता जो दस्तावेज उन्हें उपलब्ध कराएंगे, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

1998 से हुंडई से जुड़े हैं शाहरुख खान 

बता दें कि शाहरुख खान 1998 से हुंडई से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से कंपनी के प्रमुख ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। वहीं, दीपिका पादुकोण दिसंबर 2023 में हुंडई से जुड़ीं और दोनों ने पिछले साल साथ मिलकर एक विज्ञापन में काम किया था। फिलहाल FIR दर्ज होना एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है क्योंकि इसमें सीधे तौर पर सेलिब्रिटी एंडोर्सर्स की जवाबदेही को शामिल किया गया है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने 2023 के आदेश में जोर दिया था।

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने भारत की पहली इलेक्ट्रिक SUV “e-VITARA” को दिखाई हरी झंडी, 100 देशों में होगी एक्सपोर्ट, जानें फीचर्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।