Green SM India: दिल्ली NCR में शुरू हुई नई EV कैब सर्विस में, इसमें बुक होंगी 7 सीटर SUV, फुल डिटेल्स जानिए
Green SM India: वियतनाम की मोबिलिटी कंपनी Green SM ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में अपनी इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा Green SM Limo को लॉन्च कर भारत में भी कदम रख दिया है। वहीं, इससे पहले कंपनी लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस में अपनी सेवाएं शुरू कर चुकी है।
Green SM India: वियतनाम की मोबिलिटी कंपनी Green SM ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में अपनी इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा Green SM Limo को लॉन्च कर भारत में भी कदम रख दिया है। वहीं, इससे पहले कंपनी लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस में अपनी सेवाएं शुरू कर चुकी है। कंपनी ने बताया कि फिलहाल यह सेवा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के प्रमुख इलाकों में शुरू की जा रही है और मांग के अनुसार इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य क्षेत्रों तक भी बढ़ाया जाएगा। ये कैब सर्विस राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में Ola-Uber जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर देगा।
बता दें कि Green SM की योजना भारत में करीब 10,000 इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) का बेड़ा उतारने की है। कंपनी का लक्ष्य प्रीमियम इलेक्ट्रिक कैब सेवा के उस बाजार को भरना है, जो पिछले साल BluSmart के बंद होने के बाद काफी हद तक खाली हो गया था।
वहीं, इस कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने 1,000 इलेक्ट्रिक टैक्सियों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरियाणा के पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।
कंपनी खुद होगी कारों की मालिक
Uber और Rapido जैसी कंपनियों में ड्राइवर अपनी गाड़ियां और बाइक लगा सकते हैं, लेकिन Green SM खुद ही अपने फ्लीट में चलने वाली कारों की मालिक हैं। जानकारी के मुताबिक, इस सर्विस में VinFast Limo Green को यूज किया जाएगा, जो एक 7-सीटर SUV है। इसे खासतौर से पैसेंजर ट्रांसपोर्टेशन के लिए तैयार किया गया है। पैसेंजर मोबाइल ऐप के अलावा हॉटलाइन के जरिए भी अपनी राइड बुक कर सकेंगे। Green SM ने बताया कि इस फ्लीट के सभी ड्राइवरों को इलेक्ट्रिक व्हीकल ऑपरेशन, रोड सेफ्टी और कस्टमर सर्विस की ट्रेनिंग दी गई है।
वहीं, जब Green SM इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) मनोज रविकांती से सवाल पूछा गया कि कंपनी ने सीधे SUV से अपनी सेवाएं क्यों शुरू की? तो उन्होंने कहा, लगभग 7-10% का प्रीमियम बाजार है, जिसमें हम प्रवेश करना चाहते हैं। परिणाम देखने के बाद, हम वाहनों की अगली श्रेणी के बारे में सोचेंगे।”
इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि कंपनी ने अपने परिचालन की शुरुआत के लिए NCR को ही क्यों चुना? इस पर जवाब देते हुए मनोज रविकांती ने कहा, “दिल्ली भारत की सभी विविधताओं का प्रतिनिधित्व करती है। हम यहां अपने मॉडल का परीक्षण करना चाहते हैं और अपने परिचालन को स्थिर करना चाहते हैं, जिसके बाद हम भारत के अन्य बाजारों पर विचार करेंगे।”
यात्रियों की सेफ्टी का रखा गया है पूरा ख्याल
वहीं, कंपनी ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन वाहनों में कैमरे, इमरजेंसी सपोर्ट बटन और इन-कार मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं दी हैं। कंपनी ने कहा कि यह सेवा शुरू में आने-जाने वाले यात्रियों, एयरपोर्ट ट्रांसफर और बिजनेस ट्रैवल पर फोकस करेगी।
कंपनी ने यह भी बताया कि कई अन्य राइड-हेलिंग कंपनियों के ड्राइवर GSM ड्राइवर के रूप में रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं, क्योंकि कंपनी उन्हें दो महीने के लिए न्यूनतम 35,000 रुपये प्रति माह का भुगतान दे रही है। इसके बाद उनकी कमाई प्रदर्शन और इंसेंटिव के आधार पर होगी।
कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, जहां Blusmart की सक्सेसर कंपनियां जैसे Refex Mobility और Trevel कर्मचारी परिवहन पर केंद्रित हैं, वहीं GSM की लगभग 80% सेवाएं D2C (डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर) सेगमेंट को पूरा करेंगी।
GSM ग्लोबल के CEO ने क्या कहा?
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान GSM ग्लोबल के CEO गुयेन वान थान ने कहा, “भारत दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण परिवहन बाजारों में से एक है। इसका विशाल आकार, तीव्र विकास और नवाचार की प्रबल भावना हरित परिवहन के भविष्य के लिए अनेक अवसर खोल रही है।”