अगर आप बाइक या कार खरीदते हैं तो आपको RTO ऑफिस से रजिस्ट्रेशन नंबर लेना पड़ता है। यही रजिस्ट्रेशन नंबर आपके व्हीकल के आगे और पीछे की तरफ दिए गए नंबर प्लेट पर लिखा होता है। अगर यह रजिस्ट्रेशन नंबर व्हीकल्स पर नहीं लिखा है तो ट्रैफिक पुलिस चालान काट सकती है, साथ ही आपका व्हीकल्स भी जब्त कर सकती है। इसलिए आपको अपने गाड़ियों पर नंबर प्लेट लगवाना जरूरी होता है। लेकिन, क्या आपको मालूम है कि नंबर प्लेट कितनी तरह की होती है? कई लोगों को इसका सही जवाब नहीं मालूम होता। आज हम आपको इसी के बारे में डिटेल में जानकारी देने वाले हैं। तो आइए जानते हैं कि नंबर प्लेट कितनी तरह की होती है और अलग-अलग गाड़ियों को किस तरह की नंबर प्लेट ईशू की जाती है।
नंबर प्लेट गाड़ियों के लिए अलग-अलग तरह की होती है। पर्सनल कार, कॉमर्शियल व्हीकल, इलेक्ट्रिक व्हीकल और विदेशी प्रतिनिधियों की गाड़ियों, सभी के लिए अलग-अलग रंग की नंबर प्लेट जारी की जाती है। इनकी पहचान रंगों से की जाती है। आइए जानते हैं, कौन-सी नंबर प्लेट किस वाहन के लिए होती है और उसका क्या मतलब होता है।
नंबर प्लेट के अलग-अलग रंग
सफेद नंबर प्लेट - सफेद रंग की नंबर प्लेट प्राइवेट वाहनों के लिए जारी की जाती है। इसमें कार, दोपहिया वाहन जैसे- मोटरसाइकिल और स्कूटर शामिल होते हैं। नंबर प्लेट सफेद रंग की होती है और उस पर काले रंग में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा होता है।
पीली नंबर प्लेट - कॉमर्शियल वाहनों के लिए पीली रंग की नंबर प्लेट जारी की जाती है। इसमें टैक्सी परमिट वाली गाड़ियां, ट्रक, बस और थ्री-व्हीलर ऑटो रिक्शा शामिल होते हैं। इस नंबर प्लेट पर भी वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर काले रंग में लिखा होता है।
हरे रंग की नंबर प्लेट - इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए हरे रंग की नंबर प्लेट जारी की जाती है। इसमें इलेक्ट्रिक स्कूटर, बाइक, कार और बस शामिल हैं।
लाल रंग की नंबर प्लेट - यह टेंपरेरी (अस्थायी) लाइसेंस प्लेट होती है जो ब्रांड न्यू व्हीकल्स यानी हाल ही में खरीदी गई गाड़ी के लिए जारी की जाती है। यह नंबर एक महीने के लिए वैलिड होता है और इसके बाद वाहन के मालिक को परमानेंट लाइसेंस प्लेट लेनी होती है।
नीले रंग की नंबर प्लेट - इस रंग की नंबर प्लेट विदेशी प्रतिनिधियों को जारी की जाती है। इस पर प्रतिनिधि के देश का कोड भी लिखा होता है।
ऊपर की तरफ तीर वाली नंबर प्लेट – सेना की गाड़ियों के लिए ऊपर की तरफ तीर वाली नंबर प्लेट जारी की जाती है।