कार का AC चलाते ही अगर बदबू आने लगे तो सफर का सारा मजा किरकिरा हो जाता है। सोचिए, गर्मी से राहत पाने के लिए आपने गाड़ी का AC ऑन किया और ठंडी हवा के बजाय बदबूदार झोंका आपकी सांसों तक पहुंच जाए तो ऐसे में ड्राइव करना तो दूर कार में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। दरअसल, यह समस्या मामूली नहीं है। यह इस बात का संकेत है कि आपकी गाड़ी के AC सिस्टम के अंदर नमी, बैक्टीरिया और फफूंदी ने घर बना लिया है।
जब AC चलता है तो गर्म हवा ठंडे इवैपोरेटर कोर से टकराकर पानी की बूंदों में बदल जाती है। आमतौर पर यह पानी एक छोटे ट्यूब से नीचे गिरकर बाहर निकल जाता है, लेकिन अगर ट्यूब ब्लॉक हो जाए या पानी ठीक से न निकल पाए, तो वही नमी इवैपोरेटर में फंसी रह जाती है। समय के साथ यही नमी बैक्टीरिया और फंगस के पनपने का कारण बनती है और AC से दुर्गंध आने लगती है। कई बार इसका एक और कारण गंदा केबिन एयर फिल्टर भी होता है, जो हवा के बहाव को रोक देता है और नमी को बढ़ा देता है। अब सवाल यह है कि इस बदबू से कैसे छुटकारा पाया जाए।
केबिन एयर फिल्टर को बदलें
बदबू से छुटकारा पाना का सबसे आसान उपाय है केबिन एयर फिल्टर को समय-समय पर बदलना। अगर फिल्टर सालों से नहीं बदला गया है, तो वह धूल-मिट्टी और नमी को रोककर बदबू का बड़ा कारण बन जाता है।
इवैपोरेटर कोर को करें साफ
वहीं, अगर फिल्टर बदलने के बाद भी बदबू बनी रहती है तो इवैपोरेटर कोर की सफाई करानी होगी। इसके लिए मैकेनिक खास फोम क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं, जो बैक्टीरिया और फफूंदी को जड़ से खत्म कर देता है। एक स्मार्ट ट्रिक यह भी है कि कार पार्क करने से पहले कुछ मिनट AC बंद करके सिर्फ फैन चलाएं। इससे इवैपोरेटर में जमा नमी सूख जाती है और बैक्टीरिया पनप नहीं पाते।
अगर दुर्गंध बहुत तेज और लगातार बनी हुई है, तो ओजोन ट्रीटमेंट सबसे असरदार ऑप्शन है। इस प्रक्रिया में AC सिस्टम के भीतर ओजोन गैस छोड़ी जाती है, जो न सिर्फ बदबू को खत्म करती है बल्कि बैक्टीरिया को भी पूरी तरह साफ कर देती है।
कुल मिलाकर, अगर आपकी कार का AC बदबू करने लगे तो इसे नजरअंदाज करना सेहत और ड्राइविंग दोनों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। सही देखभाल और थोड़ी सी सतर्कता से आप अपनी गाड़ी का AC हमेशा फ्रेश और कूल रख सकते हैं।