Mahindra XUV 7XO: अगर आप मिड-साइज सेगमेंट में नया SUV लेने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। दरअसल, Mahindra आज (5 जनवरी, 2026) XUV 7XO SUV लॉन्च करने जा रही है। इसे सफल XUV700 के अपडेटेड वर्जन के रूप में पेश किया जाएगा। कंपनी के टीजर वीडियो और स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि इस SUV में नए सिरे से डिजाइन किए गए एक्सटीरियर और इंटीरियर के साथ-साथ कई नए तकनीकी फीचर्स भी शामिल किए गए हैं। अब चलिए जानते हैं कि XUV 7XO में क्या खास मिल सकता है।
Mahindra के टीजर से XUV 7XO के एक्सटीरियर में हुए महत्वपूर्ण बदलावों का पता चला है, जो ब्रांड के नए इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट से प्रेरित हैं। SUV के फ्रंट फेसिया में अब रीडिजाइन किए गए LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, प्रोजेक्टर हेडलैंप और वर्टिकल क्रोम डिटेलिंग से सजी एक नई ग्रिल दी गई है। रियर में उल्टे L-शेफ के मेटल वाले एक कनेक्टेड फुल-विड्थ लाइट बार इसे मॉडर्न लुक देते हैं। नए डुअल-टोन अलॉय व्हील्स, संशोधित बंपर, स्कलप्टे बोनट और नए पेंट विकल्पों के साथ XUV 7XO को और भी शार्प और शानदार लुक मिलता है।
महिंद्रा XUV 7XO के इंटीरियर में पहली बार ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड लेआउट दिया गया है, जिसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पैसेंजर साइड स्क्रीन शामिल है। इसके अलावा, केबिन में पैनोरमिक सनरूफ, ट्रिपल-टोन डैशबोर्ड, नया डिजाइन किया गया सेंटर कंसोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, मल्टी-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जिंग, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम (Dolby Atmos सपोर्ट) और कनेक्टेड कार फीचर्स भी मिलेंगे। इसके साथ ही बेहतर अपहोल्स्ट्री, नए डोर ट्रिम्स और ब्राउन-टैन स्टीयरिंग व्हील जैसे प्रीमियम फीचर्स SUV के केबिन को और भी खास बनाते हैं।
XUV 7XO में दो इंजन ऑप्शन मिल सकते हैं- टर्बो-पेट्रोल और डीजल। इनके साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन भी उपलब्ध होंगे। सेफ्टी की बात करें तो इसमें मल्टीपल एयरबैग्स, 360° कैमरा, लेवल 2 ADAS फीचर्स और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स टॉप वेरिएंट्स में दिए जा सकते हैं। पूरी स्पेसिफिकेशन और वेरिएंट-वाइज डिटेल्स लॉन्च के दिन सामने आएंगी।
Mahindra XUV 7XO की कीमत और मुकाबला
महिंद्रा XUV 7XO को अपनी SUV रेंज में XUV 3XO के ऊपर रखा गया है। इंडस्ट्री के अनुमान के अनुसार, इसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये से शुरू होकर 22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक हो सकती है, जो वेरिएंट और इंजन ऑप्शन पर निर्भर करेगी। महिंद्रा ने XUV 7XO की प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है। ग्राहक सिर्फ 21,000 रुपये देकर इसे बुक कर सकते हैं। हालांकि, वेरिएंट के हिसाब से सही कीमत का खुलासा कंपनी लॉन्च के समय करेगी।
इस कीमत रेंज में XUV 7XO का मुकाबला सीधे तौर पर Hyundai Creta, Kia Seltos और सेगमेंट की अन्य आने वाली SUVs से होगा।