प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 26 अगस्त 2025 को गुजरात के अहमदाबाद जिले के हंसलपुर स्थित मारुति सुजुकी प्लांट का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कंपनी की नई इलेक्ट्रिक वाहन (EV) यूनिट का शुभारंभ करेंगे और देश में निर्मित पहली बैटरी इलेक्ट्रिक SUV “e-VITARA” को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी के साथ इस मॉडल के पहले बैच का प्रोडक्शन भी शुरू हो जाएगा। पीएम मोदी ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। खास बात यह है कि भारत में बनी यह SUV न सिर्फ घरेलू बाजार बल्कि जापान और यूरोप सहित 100 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट की जाएगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री गुजरात स्थित टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की शुरुआत करेंगे साथ ही भारत के बैटरी इकोसिस्टम के अगले चरण का भी उद्घाटन करेंगे। यह तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम है। इससे अब 80 प्रतिशत से अधिक बैटरी का निर्माण भारत में ही किया जाएगा।
पीएम मोदी ने X पर किया पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर पोस्ट किया कि, भारत की आत्मनिर्भरता और ग्रीन मोबिलिटी हब बनने की दिशा में आज का दिन बेहद खास है। हंसलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान e-VITARA को हरी झंडी दिखाई जाएगी। यह बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (BEV) भारत में निर्मित है और इसे 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा। हमारी बैटरी इकोसिस्टम को बड़ा प्रोत्साहन देने के लिए गुजरात स्थित एक संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड्स का उत्पादन भी शुरू होगा।
बता दें कि पीएम मोदी प्लांट से कारों से भरी एक मालगाड़ी सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्लांट से कुल तीन ट्रेनें चल रही हैं, जो प्रतिदिन औसतन 600 कारों का परिवहन करती हैं।