Tata EV Discounts June 2026: अगर आप नई EV खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो Tata Motors आपके लिए शानदार डील लेकर आया है। दरअसल, कंपनी जून 2026 में अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) पर 3.50 लाख रुपये तक की छूट दे रही है। जबकि इन ऑफर्स के तहत सबसे ज्यादा फायदा Tata Curvv.ev पर मिल रहा है। डीलर्स के अनुसार, यह ऑफर ग्रीन बोनस, एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज बोनस, लॉयल्टी बोनस और स्पेशल स्कीम्स के तहत दिया जा रहा है।
इस महीने Tata EV गाड़ियों पर मिलने वाली छूट का मॉडल-वाइज विवरण इस प्रकार है:
बता दें कि ये छूट ऐसे समय में आ रही हैं जब टाटा मोटर्स भारत के इलेक्ट्रिक यात्री वाहन बाजार में अपनी स्थिति मजबूत कर रही है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FDA) के आंकड़ों के अनुसार, FY2026 में कंपनी की भारत के यात्री ईवी बाजार में 39.42% हिस्सेदारी थी।
वहीं, कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की खुदरा बिक्री FY26 में 35.9% बढ़कर 78,811 यूनिट हो गई, जो FY25 में 57,994 यूनिट थी। यह दिखाता है कि बैटरी से चलने वाली गाड़ियों को लेकर ग्राहकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।
फिलहाल टाटा मोटर्स मौजूदा समय में भारत में Tiago.ev हैचबैक, Tigor.ev सेडान, Punch.ev SUV, Nexon.ev SUV, Curvv.ev SUV और Harrier.ev SUV बेच रही है। वहीं, कंपनी इस साल के अंत में Sierra.ev लॉन्च करने की तैयारी भी कर रही है। साथ ही बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रही है।
कंपनी के CEO ने क्या कहा?
Tata Motors के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO शैलेश चंद्र ने हाल ही में बताया कि कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन (EV) उत्पादन क्षमता लगभग 9,000-10,000 यूनिट प्रति माह है।
कंपनी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बुकिंग में 2-2.5 गुना वृद्धि हुई है और मौजूदा समय में डिमांड, सप्लाई से कहीं अधिक है। इसके साथ ही टाटा मोटर्स अगले तीन से चार महीनों में ईवी उत्पादन क्षमता में कम से कम 50% की वृद्धि करने की योजना बना रही है।
बता दें कि EV की मांग में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब ईंधन की कीमतों में भारी उछाल आया है। वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण 15 मई से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे खरीदारों के लिए वाहन चलाने की लागत एक बड़ा मुद्दा बन गई है।
ये ऑफर ऐसे समय में भी आए हैं जब पैसेंजर व्हीकल इंडस्ट्री में कंपनियां आक्रामक प्रमोशन कर रही हैं। मारुति सुजुकी जून में अपने Arena मॉडल्स पर 90,000 रुपये तक और Nexa वाहनों पर 2.15 लाख रुपये तक का फायदा दे रही है। वहीं Hyundai ने Creta, Exter, Verna, i20 और Grand i10 Nios जैसे मॉडलों पर 1.05 लाख रुपये तक की छूट का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि टाटा मोटर्स ने फरवरी 2026 में नई Punch.ev लॉन्च की थी और मई 2026 में अपडेटेड Tiago.ev पेश की। अब पुराने स्टॉक पर छूट देकर कंपनी अपने पुराने इन्वेंट्री को तेजी से खत्म करना चाहती है, ताकि उत्पादन बढ़ाने और EV पोर्टफोलियो को विस्तार देने की प्रक्रिया आसान हो सके।