भारत आ गई टेस्ला की कार! ₹59.89 लाख में मिलेगा 'मॉडल Y', मुंबई में खोला पहला शोरूम

Tesla in India: एलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला ने आखिरकार भारत में अपनी Model Y SUV को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दी है। कंपनी ने भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर बनाई अपनी वेबसाइट पर Model Y की जानकारी शेयर की है। इसकी शुरुआती कीमत ₹59.89 लाख (एक्स-शोरूम, मुंबई) रखी गई है

अपडेटेड Jul 15, 2025 पर 1:58 PM
Story continues below Advertisement
Tesla Model Y: टेस्ला की फुल सेल्फ-ड्राइविंग कैपेबिलिटी जोड़ने पर कीमत में ₹6 लाख का इजाफा होगा

Tesla in India: एलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला ने आखिरकार भारत में अपनी Model Y SUV को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दी है। कंपनी ने भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर बनाई अपनी वेबसाइट पर Model Y की जानकारी शेयर की है। इसकी शुरुआती कीमत ₹59.89 लाख (एक्स-शोरूम, मुंबई) रखी गई है। हालांकि, अभी इसकी डिलीवरी की टाइमलाइन या टेस्ट ड्राइव के विकल्प उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

टेस्ला ने आज मुंबई में भारत का अपना पहला आधिकारिक शोरूम भी खोला है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे। फडणवीस ने कहा, "यह एक बड़ा संकेत है कि टेस्ला ने सही राज्य और सही शहर में कदम रखा है। भारत में लोग टेस्ला का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। यह केवल एक शुरुआत है, लेकिन हम भविष्य में टेस्ला का R&D और मैन्युफैक्चरिंग भारत में होते देखना चाहते हैं।"

मॉडल Y की कीमत और वेरिएंट्स

टेस्ला मॉडल Y के दो वेरिएंट्स भारत में उपलब्ध हैं, दोनों की टॉप स्पीड 201 किमी प्रति घंटा है:


Model Y Rear-Wheel Drive (RWD) – ₹59.89 लाख

Model Y Long Range RWD – ₹67.89 लाख

इन कीमतों में GST भी शामिल है। वहीं इनकी ऑन-रोड कीमतें ₹61.07 लाख (Model Y RWD) और ₹69.15 लाख (Long Range RWD) तक जाती हैं, जिसमें रोड टैक्स, FasTag और अन्य शुल्क शामिल हैं।

फीचर्स और एक्स्ट्रा कस्टमाइजेशन

इसके अलावा, टेस्ला की फुल सेल्फ-ड्राइविंग कैपेबिलिटी जोड़ने पर कीमत में ₹6 लाख का इजाफा होगा। टेस्ला का दावा है कि भविष्य के सॉफ्टवेयर अपडेट्स से उसकी कापें अधिकतर सड़क परिस्थितियों में न्यूनतम चालक इनपुट के साथ ऑटोमैटिक ही चल सकेंगी।

कलर ऑप्शंस

भारत में 'टेस्ला मॉडल Y' का स्टैंडर्स कलर 'स्टील्थ ग्रे' है, जो बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेगा। वहीं दूसरे कलर विकल्पों के लिए ग्राहकों को अतिरिक्त भुगतना करना होगा। पर्ल व्हाइट मल्टी-कोट और डायमंड ब्लैक के लिए ₹95,000, ग्लेशियर ब्लू के लिए ₹1,25,000, और क्विक सिल्वर और अल्ट्रा रेड के लिए ₹1,85,000। ये प्राइस विकल्प RWD और लॉन्ग रेंज दोनों वेरिएंट पर लागू होते हैं।

इंटीरियर ऑप्शन

मॉडल Y में ऑल ब्लैक इंटीरियर, स्टैंडर्ड तौर पर उपलब्ध है। ग्राहक अतिरिक्त ₹95,000 देकर इसे ब्लैक एंड व्हाइट इंटीरियर विकल्प में अपग्रेड कर सकते हैं।

भारत में इन कारों से होगा मुकाबला

टेस्ला मॉडल Y को दुनियाभर में टेस्ला की सबसे अधिक बिकने वाली कार माना जाता है। भारतीय बाजार में यह कार उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो लग्जरी, परफॉर्मेंस और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का संगम चाहते हैं।

हालांकि, ₹60-70 लाख की यह कीमत इसे सीधे तौर पर Mercedes-Benz EQB (₹77.75 लाख), BYD Seal Performance (₹53 लाख) और अन्य लग्जरी EVs से कॉम्पिटीशन में ले आती है। वहीं, भारत में उपलब्ध Tata Nexon EV (₹14.49 लाख) और MG ZS EV (₹18.98 लाख) जैसे विकल्पों के मुकाबले यह काफी प्रीमियम है।

VinFast ने भी की एंट्री

वियतनाम की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी VinFast Auto India ने भी भारत में अपने प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUVs – VF 6 और VF 7 की बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक ₹21,000 की पूरी तरह से रिफंडेबल राशि देकर ऑनलाइन या शोरूम के जरिए इसकी बुकिंग कर सकते हैं।

यह भी पढ़ेंTesla Model Y: टेस्ला की भारत में एंट्री, जानिए दूसरी ग्लोबल EV कंपनियों के मुकाबले भारत में क्या है टेस्ला की स्थिति

 

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।