अब नहीं लगेगी वाहनों की लंबी लाइन, 2026 तक देशभर से हट जाएंगे टोल प्लाजा! नितिन गडकरी ने बताया आगे का प्लान

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देशभर में 2026 के आखिर तक पारंपरिक टोल प्लाजा हटाए जा सकते हैं। उनकी जगह ऐसी आधुनिक व्यवस्था लाई जाएगी, जिससे लोगों को टोल पर रुकना नहीं पड़ेगा और सफर पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

अपडेटेड May 07, 2026 पर 11:13 AM
Story continues below Advertisement
2026 तक देशभर से हट जाएंगे टोल प्लाजा! नितिन गडकरी ने बताया आगे का प्लान

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि देशभर में 2026 के आखिर तक पारंपरिक टोल प्लाजा हटाए जा सकते हैं। उनकी जगह ऐसी आधुनिक व्यवस्था लाई जाएगी, जिससे लोगों को टोल पर रुकना नहीं पड़ेगा और सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। उन्होंने कहा, नई व्यवस्था के तहत वाहन जितनी दूरी तय करेगा, उतना ही टोल देना होगा। यानी अब लंबी लाइनों में इंतजार और टोल पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

अब टोल पर नहीं रुकेंगी गाड़ियां

टाइम्स ग्रुप के 'टाइम्स ड्राइव ऑटो समिट एंड अवॉर्ड्स 2026' में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद गडकरी ने कहा कि नई प्रणाली नंबर प्लेट पहचान तकनीक और FASTag आधारित होगी। इसके तहत वाहनों को अब टोल पर रुकने की जरूरत नहीं होगी, जिससे लोगों का समय बचेगा साथ ही जाम से मुक्ति मिलेगी। यह सिस्टम 85 टोल स्थानों पर शुरू किया जा चुका है और साल के आखिर तक इसे देशभर में लागू कर दिया जाएगा।


नितिन गडकरी का दावा, बहुत कम हो जाएगा यात्रियों का खर्च

नितिन गडकरी ने बताया कि यह नई टोल प्रणाली नंबर प्लेट पहचान तकनीक और FASTag पर आधारित होगी। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों का खर्च काफी कम हो सकता है। गडकरी के मुताबिक, जहां अभी कई जगहों पर 125 से 150 रुपये तक टोल देना पड़ता है, वहीं नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह खर्च घटकर करीब 15 रुपये तक रह सकता है। उन्होंने 3,000 रुपये के एक खास पास का भी जिक्र किया, जिसके जरिए लोग लगभग 200 टोल क्रॉसिंग तक सफर कर सकेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-देहरादून, अमृतसर, कटरा और श्रीनगर समेत कई बड़े हाईवे कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा, दिल्ली-चेन्नई और चेन्नई-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की प्रगति पर भी जानकारी दी गई।

कैसा होता है बैरियर-लेस टोल सिस्टम?

बता दें कि इससे पहले नितिन गडकरी ने भारत का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लॉन्च करने की घोषणा की थी। यह सिस्टम गुजरात में सूरत-भरूच सेक्शन के NH-48 पर चोरयासी टोल प्लाजा पर शुरू किया गया था, जिससे वाहन बिना रुके टोल दे सकें। यह मॉडर्न सिस्टम ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान (ANPR) और FASTag जैसी एडवांड टेक्नोलॉजी का उपयोग करता है, जिससे वाहन का चलते-चलते ही टोल कट जाता है।

यह भी पढ़ें: Tata Harrier, Safari डीजल Ultra और Red Dark Edition लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।