फ्रांस की इस ऑटोमोबाइल कंपनी ने पेश की कुत्तों के लिए SUV, फीचर्स देख रह जाएंगे दंग

Peugeot E-5008 Dog Edition: फ्रांस की ऑटो कंपनी Peugeot ने एक ऐसा कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किया है, जिसे खास तौर पर कुत्तों के साथ सफर करने वाले लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। Peugeot E-5008 Dog Edition नाम का यह कॉन्सेप्ट, फैमिली SUV का एक नया रूप है।

अपडेटेड Jul 10, 2026 पर 2:52 PM
फ्रांस की इस ऑटोमोबाइल कंपनी ने पेश की कुत्तों के लिए SUV

Peugeot E-5008 Dog Edition: फ्रांस की ऑटोमोबाइल कंपनी Peugeot ने एक ऐसा कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किया है, जिसे खास तौर पर कुत्तों के साथ सफर करने वाले लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। Peugeot E-5008 Dog Edition नाम का यह कॉन्सेप्ट फैमिली SUV का एक नया रूप है, जिसमें पालतू कुत्तों की सुविधा पर खास फोकस किया गया है। यह उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो अपने कुत्तों के साथ अक्सर यात्रा करते हैं और चाहते हैं कि कार का केबिन उनके लिए ज्यादा कंफर्ट हो।

पालतू जानवरों के लिए डिजाइन किया गया

ऑटोमोटिव कंपनी Stellantis ने भी कहा कि इस कॉन्सेप्ट को कुत्ते की नजर से सोचकर डिजाइन किया गया है। इसी वजह से SUV के अंदर कई चीजें खास तौर पर कुत्तों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। कार के केबिन में ऐसे कलर ऑप्शन का इस्तेमाल किया गया है, जो कुत्तों की देखने की क्षमता से प्रेरित हैं। इसमें शांत नीले रंग के साथ पीले रंग की हल्की झलक दी गई है। इसका मकसद सफर के दौरान कुत्तों के लिए माहौल को ज्यादा आरामदायक और आसान बनाना है, साथ ही मालिकों के लिए इसे साफ-सुथरा और जाना-पहचाना बनाए रखना है।


इसके अलावा, गाड़ी के अंदर आरामदायक सफर के लिए मुलायम और नॉन-स्लिप मटीरियल का भी इस्तेमाल किया गया है। यह सुनने में भले ही छोटी बात लगे, लेकिन उन पालतू जानवरों के लिए यह बहुत जरूरी है जो गाड़ी चलते समय अक्सर इधर-उधर घूमते रहते हैं। इससे उन्हें बेहतर पकड़ और आराम मिलता है।

पालतू जानवरों के लिए कई काम के फीचर्स

इस कॉन्सेप्ट में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो कुत्तों के साथ सफर को ज्यादा आरामदायक बनाते हैं। इसमें सबसे खास मॉड्यूलर मैट्रेस है। इसे पीछे की सीटों पर या बूट (कार्गो एरिया) में लगाया जा सकता है। ताकि सीटों को गंदगी और कुत्तों के बालों से बचाया जा सके। वहीं, सफर खत्म होने के बाद यही मैट्रेस कुत्ते के बिस्तर (डॉग बेड) में भी बदल जाता है।

इसके अलावा, उन कुत्तों के लिए विंडो हेडरेस्ट भी दिया गया है, जो बाहर देखते हुए सिर टिकाकर आराम करना पसंद करते हैं। यह एक मुलायम पीले रंग का कुशन है, जिसे खिड़की के शीशे पर लग जाता है और सफर के दौरान पालतू जानवर को ज्यादा आराम देता है।

इस कॉन्सेप्ट में और भी चीजें शामिल हैं, जैसे कि इंटीग्रेटेड बाउल, बैग, कनेक्टेड हार्नेस और यहां तक कि कुत्ते का खिलौना भी। इसमें  (Vehicle-to-Load) V2L-पावर्ड पेट ड्रायर भी शामिल है, जिसे इस्तेमाल के बाद लोड फ्लोर के नीचे रखा जा सकता है, जिससे पता चलता है कि इस कार की डिजाइन पर कितनी बारीकी से काम किया गया है।

कुत्ते का ध्यान रखने वाली कार

Peugeot E-5008 Dog Edition में एक नेविगेशन फीचर भी है, जो पार्क या टहलने की जगहों के पास चार्जिंग स्टेशन का सुझाव देता है। इसमें 'डॉग रिट्रीवर' नाम का एक और फंक्शन है, जो खोए हुए कुत्ते को वापस बुलाने के लिए आवाज निकाल सकता है, उसके लौटने पर उसे पहचान सकता है और उसे कार में वापस आने में मदद कर सकता है।

इसमें 'डॉग गार्डियन मोड' भी है, जो छोटी-मोटी रुकावटों के दौरान कार के अंदर का तापमान आरामदायक बनाए रखता है और साथ ही दूर से ही कार पर नजर रखने की सुविधा भी देता है।

यह भी पढ़ें: ADAS फीचर के साथ Nissan की नई SUV भारत में लॉन्च, मिलेगा 19.4 kmpl का माइलेज, जानें कीमत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।