Hero का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च, 187km रेंज और 90km/h टॉप स्पीड, जानें कीमत

Hero Vida VX2 Plus 4.4kWh: अगर आप रोजाना यूज के लिए नई बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए अच्छी साबित हो सकती है। दरअसल, Hero MotoCorp के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड, Vida ने Vida VX2 Plus 4.4kWh नाम का एक नया स्कूटर लॉन्च किया है।

अपडेटेड Jul 11, 2026 पर 11:06 PM
Hero का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च

Hero Vida VX2 Plus 4.4kWh: अगर आप रोजाना यूज के लिए नई बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए अच्छी साबित हो सकती है। दरअसल, Hero MotoCorp के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड, Vida ने Vida VX2 Plus 4.4kWh नाम का एक नया स्कूटर लॉन्च किया है। जिसकी स्टैंडर्ड कीमत 1.44 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। हालांकि, ऑफिशियल वेबसाइट पर इसकी कीमत 1.14 लाख रुपये बताई गई है। यह कीमत सेंट्रल PM E-Drive सब्सिडी और 2,000 रुपये की छूट घटाने के बाद तय की गई है। इस स्कूटर में मौजूदा VX2 Plus 3.4kWh वाली ही मोटर और ज्यादातर इक्विपमेंट दिए गए हैं, लेकिन इसमें बड़ी बैटरी पैक है जिससे इसकी रेंज बढ़ जाती है। अब चलिए Vida VX2 Plus के इस नए वेरिएंट के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन के बारे में जानते हैं।

Hero Vida VX2 Plus 4.4kWh: बैटरी और रेंज

Vida VX2 Plus में 4.4kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो दो 2.2kWh की रिमूवेबल बैटरी के साथ आएगा। रिमूवेबल बैटरी होने की वजह से यूजर्स इसे आसानी से स्कूटर से निकालकर घर या ऑफिस में चार्ज कर सकते हैं। रेंज की बात करें तो, बड़ी बैटरी क्षमता वाला यह इलेक्ट्रिक स्कूटर एक बार चार्ज करने पर 187 किलोमीटर की IDC-सर्टिफाइड रेंज देता है, जो मौजूदा 3.4kWh वाले वर्जन की 146km रेंज से 41 किलोमीटर ज्यादा है।


Hero Vida VX2 Plus 4.4kWh: चार्जिंग

Vida VX2 Plus 4.4kWh के साथ 1kW का Zap चार्जर मिलता है, जबकि इसके स्टैंडर्ड वर्जन में 580W का चार्जर आता है। साथ में मिलने वाले AC चार्जर से बैटरी को 0 से 80% तक चार्ज होने में 3 घंटे 17 मिनट, 20 से 80% तक चार्ज होने में 2 घंटे 28 मिनट और 0 से 100% तक चार्ज होने में 5 घंटे 8 मिनट लगते हैं। इसके अलावा, यह स्कूटर DC फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है, जिससे स्टैंडर्ड टेस्ट कंडिशन्स में इसे 0 से 80% तक चार्ज होने में 65 मिनट और 0 से 100% तक पूरी तरह चार्ज होने में 150 मिनट (2 घंटे 30 मिनट) लगते हैं।

Hero Vida VX2 Plus 4.4kWh: टॉप स्पीड और डाइमेंशन

इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में 6kW (8.98hp) की परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर लगी है। इसकी टॉप स्पीड 90km/h है और यह 3.1 सेकंड में 0 से 40km/h की रफ्तार पकड़ सकता है। इस EV की ग्रेडिबिलिटी 18 डिग्री है। डाइमेंशन की बात करें तो, स्कूटर की सीट की ऊंचाई 777mm, सीट की लंबाई 851mm, कर्ब वेट 120kg, सीट के नीचे 27.2 लीटर का स्टोरेज और सामने की तरफ 4.8 लीटर का एक्स्ट्रा स्टोरेज कम्पार्टमेंट है।

Hero Vida VX2 Plus 4.4kWh: हार्डवेयर और फीचर्स

Vida इलेक्ट्रिक स्कूटर में CBS के साथ आगे डिस्क और पीछे ड्रम ब्रेक का सेटअप है, और इसमें दोनों तरफ 12-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। फीचर्स की बात करें तो, इस EV में इको, राइड और स्पोर्ट राइडिंग मोड्स, 4.3-इंच का TFT डिस्प्ले, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। यह स्कूटर ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स को भी सपोर्ट करता है।

यह भी पढ़ें: Ferrari 849 Testarossa Review: 1,050 PS पावर वाली इस सुपरकार में क्या है खास? जानें कीमत से परफॉर्मेंस तक सब कुछ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।