VinFast ने भारत में खोला पहला शोरूम, क्या मस्क की Tesla की बढ़ेंगी मुश्किलें?

Tesla के बाद अब वियतनाम की VinFast ने भारत में सूरत से एंट्री की है। VF 6 और VF 7 SUV मॉडल की बुकिंग शुरू हो चुकी है। जानिए क्या विनफास्ट का भारत को लेकर क्या प्लान है और क्या इससे टेस्ला की मुश्किलें बढ़ेंगी।

अपडेटेड Jul 27, 2025 पर 6:47 PM
Story continues below Advertisement
VinFast का लक्ष्य 2025 के अंत तक भारत के 27 से अधिक शहरों में 35 डीलरशिप स्थापित करने का है।

अमेरिकी अरबपति एलॉन मस्क (Elon Musk) की टेस्ला के बाद एक विदेशी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मेकर ने भारत में एंट्री कर ली है। वियतनाम की EV कंपनी विनफास्ट (VinFast) ने रविवार, 27 जुलाई को भारत में अपना पहला रिटेल स्टोर खोला। यह स्टोर गुजरात के सूरत के पिपलोड इलाके में स्थित है। इस 3,000 वर्ग फुट के शोरूम का संचालन Chandan Car करेगी। यह लॉन्च भारत में VinFast की मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।

प्रीमियम इलक्ट्रिक SUV की बिक्री

VinFast के मुताबिक, इस शोरूम में कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV रेंज – VF 6 और VF 7 – प्रदर्शित की जाएगी। भारत पहला ऐसा देश है, जहां इन मॉडलों के राइट-हैंड ड्राइव वर्जन को पेश किया जा रहा है। इन गाड़ियों की प्री-बुकिंग 15 जुलाई 2025 से शुरू हो चुकी है और ग्राहक इसे शोरूम में या VinFastAuto.in वेबसाइट के माध्यम से ₹21,000 के पूरी तरह रिफंडेबल डिपॉजिट के साथ बुक कर सकते हैं।


तूतिकोरिन प्लांट में होगी असेम्बली

VinFast के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि VF 6 और VF 7 की असेम्बली भारत में ही होगी। VinFast का मैन्युफैक्चरिंग प्लांट तमिलनाडु के Thoothukudi (तूतिकोरिन) में प्रस्तावित है। यहीं से भविष्य में सभी यूनिट्स का स्थानीय उत्पादन किया जाएगा। इससे भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग के लिए कंपनी की लॉन्ग टर्म प्रतिबद्धता को बल मिलेगा।

कैसा है VinFast का शोरूम

सूरत स्थित यह शोरूम सिर्फ बिक्री केंद्र नहीं होगा, बल्कि इसे एक कंप्रीहेंसिव कस्टमर हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां ग्राहकों को वाहन की जानकारी से लेकर टेस्ट ड्राइव, बुकिंग, डिलीवरी और आफ्टर-सेल्स सर्विस की सभी सुविधाएं मिलेंगी। यह केंद्र VinFast की भारतीय बाजार में गुणवत्तापूर्ण सेवा और ट्रांसपेरेंसी आधारित अप्रोच को दिखाता है।

VinFast Asia के CEO Pham Sanh Chau ने कहा, “सूरत में VinFast का पहला शोरूम भारत के प्रति हमारी गहरी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम भारतीय ग्राहकों के लिए सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन ही नहीं, बल्कि भरोसे, गुणवत्ता और सेवा पर आधारित संपूर्ण ओनरशिप अनुभव लाना चाहते हैं।”

27 शहरों में डीलरशिप खोलने की योजना

VinFast का लक्ष्य 2025 के अंत तक भारत के 27 से अधिक शहरों में 35 डीलरशिप स्थापित करने का है। इससे देशभर में VinFast की मौजूदगी मजबूत होगी और ग्राहकों को व्यापक नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सकेगा। भारत में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने के लिए कंपनी ने RoadGrid, myTVS और Global Assure के साथ साझेदारी की है।

इन भागीदारों के माध्यम से VinFast ग्राहकों को पैन-इंडिया चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और आफ्टर-सेल्स सेवाएं मुहैया कराएगी। इसके अलावा कंपनी ने BatX Energies के साथ मिलकर बैटरी रीसाइक्लिंग और सर्कुलर बैटरी वैल्यू चेन की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं, जिससे उसकी पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को बल मिलता है।

मस्क की Tesla ने भी की भारत में एंट्री

इसी महीने की शुरुआत में अमेरिकी इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी Tesla ने भी भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित शुरुआत की थी। कंपनी ने मुंबई में अपना पहला एक्सपीरियंस सेंटर लॉन्च किया और Model Y को पेश किया, जिसकी शुरुआती कीमत ₹59.89 लाख रखी गई है।

Tesla इस मॉडल को CBU (Completely Built Unit) के रूप में चीन के शंघाई प्लांट से आयात करेगी। Tesla के CEO Elon Musk पहले ही भारत में ऊंचे आयात शुल्क को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं। VinFast और Tesla की यह एंट्री भारत के इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में कंपीटिशन और इनोवेशन को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें : TCS Layoffs: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में होने वाली है छंटनी, 12000 से ज्यादा लोगों की जाएगी नौकरी

Suneel Kumar

Suneel Kumar

First Published: Jul 27, 2025 6:38 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।