Yamaha: अगर आप टू-व्हीलर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। दरअसल, जापान की टू-व्हीलर कंपनी Yamaha ने भारत में दो अलग-अलग सेगमेंट्स में दो नई मोटरसाइकलें लॉन्च की हैं। इसमें Yamaha FZ-Rave और Yamaha XSR 155 शामिल हैं। FZ-Rave कंपनी की पॉपुलर FZ सीरीज का हिस्सा है। ये मोटरसाइकलें नियो-रेट्रो सेगमेंट में आती हैं। इसके साथ ही कंपनी ने अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को भी अनवील कर दिया है। अब चलिए इन बाइक्स की कीमत और फीचर के बारे में डिटेल में जानते हैं।
Yamaha FZ-Rave की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1,17,218 रुपये है। जबकि Yamaha XSR 155 को 1.50 लाख रुपये एक्स-शोरूम की कीमत पर लॉन्च किया गया है।
FZ-Rave का लुक पहले से कहीं ज्यादा बोल्ड और मॉडर्न बनाया गया है। बाइक में एग्रेसिव फुल-LED प्रोजेक्टर हेडलैंप के साथ इंटीग्रेटेड पोजीशन लाइट दी गई है, जो इसे प्रीमियम स्पोर्टी लुक देता है। इसका मस्कुलर फ्यूल टैंक और स्लीक टेल सेक्शन इसे दमदार बनाता है। कम्फर्ट राइडिंग के लिए इसमें सिंगल-पीस लंबी सीट दी गई है। यह बाइक दो कलर ऑप्शंस Matte Titan and Metallic Black में उपलब्ध है।
Yamaha FZ-Rave में कंपनी ने 149cc का एयर-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया है, जो 7,250 rpm पर 12.4 PS की पावर और 5,500 rpm पर 13.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसका इंजन 5-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है, जो स्मूथ और बेहतर परफॉर्मेंस देता है। यह इंजन लीनियर एक्सेलेरेशन और हाई फ्यूल एफिशियंसी के लिए ट्यून किया गया है। यह इंजन E20 फ्यूल कम्पैटिबल है, यानी यह पर्यावरण के अनुकूल और फ्यूचर-रेडी भी है।
सेफ्टी की बात करें तो इस मोटरसाइकल में ब्रेकिंग के लिए सिंगल-चैनल ABS के साथ दोनों तरफ हाइड्रोलिक सिंगल डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और LED लाइटिंग दी गई है। FZ सीरीज की 2.75 मिलियन से ज्यादा यूनिट्स पहले ही भारतीय सड़कों पर मौजूद हैं।
जो राइडर्स साधारण कम्यूटर बाइक से हटकर स्टाइलिश परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए Yamaha XSR 155 बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। इसमें राउंड LED हेडलैंप, टियरड्रॉप-स्टाइल फ्यूल टैंक और फ्लैट सिंगल-पीस सीट मिलता है, जो इसे क्लासिक लुक के साथ-साथ मॉडर्न रेट्रो लुक भी देता है।
XSR 155 में 155cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। इसमें यामाहा की वेरिएबल वाल्व एक्चुएशन (VVA) टेक्नोलॉजी है। यह इंजन 10,000 rpm पर 18.1 bhp की पावर और 8,500 rpm पर 14.2 Nm का टॉर्क देता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है और असिस्ट एंड स्लिपर क्लच स्टैंडर्ड है।
यह मोटरसाइकिल R15 और MT-15 के समान डेल्टाबॉक्स फ्रेम पर बनाई गई है, जो इसे बेहतरीन स्टेबिलिटी और कंट्रोल देता है। सस्पेंशन के लिए इसमें अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क्स और रियर मोनोशॉक लगाए गए हैं, जिससे राइड क्वालिटी और भी स्मूथ हो जाती है। इसमें ड्यूल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल स्टैंडर्ड है। इसके साथ ही इसमें 10 लीटर का फ्यूल टैंक, फुल-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, LED लाइटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
यह मोटरसाइकल Royal Enfield Hunter 350, TVS Ronin and Honda CB350RS जैसी बाइकों को टक्कर देगी।