Aam Budget 2026 Updates: 1999 में पहली बार दिन में पेश हुआ था बजट और खुले थे शेयर बाजार, 27 फरवरी 1999 को बढ़त के साथ बंद हुए थे भारतीय शेयर बाजार

Aam Budget 2026 Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना 9वां बजट पेश कर रही हैं। इससे पहले 27 साल पहले अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 1999 में दिन में बजट पेश कर इतिहास रचा गया था। आइए जानें उस दिन शेयर बाजार खुले थे, तो कैसी रही थी बाजार की चाल

अपडेटेड Feb 01, 2026 पर 12:18 PM
Story continues below Advertisement
Union budget 2026 : बाजार 27 फरवरी 1999 को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

Aam Budget 2026 Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज रविवार के दिन अपना 9वां आम बजट पेश कर इतिहास रच दिया है। आजाद  भारत के इतिहास में पहली बार रविवार के दिन आज आम बजट पेश किया गया है। इससे पहले 1999 में पहली बार बजट दिन के समय पेश कर इतिहास रचा गया था। तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने दिन में 11 बजे देश का आम बजट पेश किया था।

पहली बार रविवार को खुले भारतीय शेयर बाजार 

आज रविवार को पहली बार भारतीय शेयर बाजार भी खुले हैं। इससे पहले जब तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने दिन में बजट पेश किया था, उस दिन शनिवार था और शेयर बाजार खुले थे। तब बीएसई सेंसेक्स और एनएसई का निफ्टी दोनों संवेदी सूचकांकों में सामान्य दिनों की तरह पूरे सत्र की ट्रेडिंग हुई थी। बाजार 27 फरवरी 1999 को बढ़त के साथ बंद हुए थे। वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा की बजट घोषणाओं ने बाजार में नई जान फूंकने का काम किया था।

27 फरवरी 1999 को कैसी थी बाजार की चाल

27 फरवरी 1999 को बजट के दिन भारतीय शेयर बाजारों ने बढ़त के साथ कारोबार किया था। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 3301.13 अंकों पर खुला और जल्दी ही 3400 के स्तर को पार करके 3,400.19 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। कारोबार के दौरान बाजार 3300 के निशान से नीचे गिरकर 3215.69 के निचले स्तर पर आया और 3399.63 पर बंद हुआ। यह पिछले दिन के 3233.86 अंकों के बंद भाव से 165.77 अंकों की शुद्ध बढ़त थी। वहीं, एनएसई का संवेदी सूचकांक निफ्टी 50 40.1 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ था। कारोबार के दौरान निफ्टी में 981.55 का सर्वोच्च स्तर छुआ, जबकि 932.20 के निम्न स्तर को छूकर लौटा। 1999 में बाजार को बजट हुई घोषणाओं ने उत्साहित किया। 1999-2000 के केंद्रीय बजट में म्यूचुअल फंड को दी गई विभिन्न रियायतों और उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों को दी गई छूट से उत्साहित होकर, एफआईआई, डीआईआई और मार्केट प्लेयर्स ने इन्फोटेक, एफएमसीजी, एमएनसी और फार्मास्युटिकल शेयरों में भारी खरीदारी की थी।

1999 से पहले शाम को 5 बजे पेश किया जाता था बजट


1999 तक देश का आम बजट फरवरी के अंतिम दिन शाम को 5 बजे पेश किया जाता था। अंग्रेजों के दौर से ये परंपरा चली आ रही थी। बजट फरवरी के अंतिम कामकाजी दिन पेश किया जाता था। लेकिन 1999 में 28 फरवरी को रविवार होने की वजह से यशवंत सिन्हा ने 27 फरवरी शनिवार को बजट पेश किया। लेकिन उन्होंने इसे शाम को 5 बजे पेश करने के बजाय दिन में 11 बजे पेश कर इतिहास रचा था। इसके बाद 2017 से फरवरी के अंतिम दिन बजट पेश करने की परंपर पर विराम लगाते हुए 01 फरवरी को बजट प्रस्तुत किया जाने लगा। आज वित्त मंत्री सीतारमण ने रविवार को पहली बार बजट प्रस्तुत कर एक और नई परंपरा की शुरुआत की है।

Aam Budget 2026 Updates: माघ पूर्णिमा, रवि पुष्य योग और बारिश के शुभ संयोग में देश का आम बजट आज, पहली बार रविवार के दिन आ रहा बजट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।