27 फरवरी 1999 को बजट के दिन भारतीय शेयर बाजारों ने बढ़त के साथ कारोबार किया था। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 3301.13 अंकों पर खुला और जल्दी ही 3400 के स्तर को पार करके 3,400.19 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। कारोबार के दौरान बाजार 3300 के निशान से नीचे गिरकर 3215.69 के निचले स्तर पर आया और 3399.63 पर बंद हुआ। यह पिछले दिन के 3233.86 अंकों के बंद भाव से 165.77 अंकों की शुद्ध बढ़त थी। वहीं, एनएसई का संवेदी सूचकांक निफ्टी 50 40.1 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ था। कारोबार के दौरान निफ्टी में 981.55 का सर्वोच्च स्तर छुआ, जबकि 932.20 के निम्न स्तर को छूकर लौटा। 1999 में बाजार को बजट हुई घोषणाओं ने उत्साहित किया। 1999-2000 के केंद्रीय बजट में म्यूचुअल फंड को दी गई विभिन्न रियायतों और उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों को दी गई छूट से उत्साहित होकर, एफआईआई, डीआईआई और मार्केट प्लेयर्स ने इन्फोटेक, एफएमसीजी, एमएनसी और फार्मास्युटिकल शेयरों में भारी खरीदारी की थी।