Union Budget 2025: यूनियन बजट 2025 की पेश होने का समय पास आने लगा है। अब बजट पेश होने में करीब एक महीने का समय बचा है। मोदी सरकार के तीसरे टर्म का पहला पूर्ण बजट 1 फरवरी 2025 को पेश किया जाएगा। ऐसे में मोदी सरकार के इस बजट से आम लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। यहां आपको बता रहे हैं कि बजट किस दिन और किस समय पेश किया जाएगा। आम लोग बजट को कहां देख सकते हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 शनिवार को सुबह 11 बजे संसद में बजट पेश करेंगी। यह बजट भाषण लाइव ब्रॉडकास्ट और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए देखा जा सकता है। यह निर्मला सीतारमण का लगातार आठवां बजट होगा। उन्होंने 2019 में 'बही-खाता' पेश करके पारंपरिक बजट ब्रीफकेस की परंपरा को तोड़ा था। इसके अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का नाम सबसे लंबे बजट भाषण के लिए भी दर्ज है। 2020 में उन्होंने 2 घंटे 40 मिनट तक बजट पेश किया था।
शेयर बाजार आमतौर पर शनिवार और रविवार को बंद रहता है। लेकिन इस बार बजट के खास मौके पर 1 फरवरी 2025 को बाजार खुले रहेंगे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों ने जानकारी दी है कि उस दिन बाजार अपने समय पर यानी सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुले रहेंगे। यह पहली बार नहीं है जब बजट के दिन शेयर बाजार शनिवार को खुला होगा। इससे पहले 1 फरवरी 2020 और 28 फरवरी 2015 को भी बजट के कारण शेयर बाजार खुले रहे थे।
बजट 2025 से इस बार टैक्सपेयर्स और छोटे व्यापारियों को काफी उम्मीदें हैं। लोग यह उम्मीद कर रहे हैं कि टैक्स स्लैब में बदलाव और रोजगार बढ़ाने वाले कदम उठाए जा सकते हैं। वित्त मंत्री और उनकी टीम पहले से ही बजट पर काम शुरू कर चुकी हैं। 2025-26 का बजट अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ आम जनता की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है।