Budget 2025: क्या बजट में 8वें वेतन आयोग का होगा ऐलान? सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी खुशखबरी!

Budget 2025: सरकार की ओर से अभी तक 8वें वेतन आयोग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, यह संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अगले साल फरवरी में बजट 2025 के दौरान 8वें वेतन आयोग की घोषणा कर सकती हैं

अपडेटेड Dec 26, 2024 पर 11:59 AM
Budget 2025: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग (Pay Commission) की घोषणा लंबे समय से चर्चा में रही है।

Budget 2025: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग (Pay Commission) की घोषणा लंबे समय से चर्चा में रही है। हर 10 साल में एक नया वेतन आयोग लागू करने की परंपरा के कारण सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स उम्मीद कर रहे हैं कि बजट 2025 के दौरान 8वें वेतन आयोग की घोषणा हो सकती है। इससे पहले 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें 2016 में लागू की गई थीं और तब से कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी हुई थी।

बढ़ाया DA और DR

हाल ही में केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस फैसले के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का डीए अब बेसिक सैलरी का 53 प्रतिशत हो गया है। डीए में यह बढ़ोतरी जुलाई 2024 से लागू हुई। केंद्र के इस कदम के बाद कई राज्य सरकारों ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए डीए और डीआर में बढ़ोतरी की है। इन हालिया सुधारों ने सरकारी कर्मचारियों की अपेक्षाएं बढ़ा दी हैं। 8वें वेतन आयोग से जुड़े संभावित ऐलानों के साथ, वे अपनी इनकम में और सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।


क्या बजट 2025 में होगा बड़ा ऐलान?

सरकार की ओर से अभी तक 8वें वेतन आयोग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, यह संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अगले साल फरवरी में बजट 2025 के दौरान 8वें वेतन आयोग की घोषणा कर सकती हैं। नया वेतन आयोग लागू होने पर सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में बड़ा इजाफा हो सकता है। 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें 2016 में लागू हुई थीं, लेकिन इसे 2014 में गठित किया गया था। इसी तर्ज पर अगर 2025 में 8वें वेतन आयोग की घोषणा होती है, तो इसे लागू होने में एक से दो साल का समय लग सकता है।

सैलरी और पेंशन में हो सकता है बड़ा बदलाव

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग के लिए फिटमेंट फैक्टर 3.68 पर तय हो सकता है। अगर ऐसा होता है, तो केंद्रीय कर्मचारियों की न्यूनतम सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर करीब 34,560 रुपये हो सकती है, जो लगभग 92 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। वहीं, पेंशनर्स के लिए न्यूनतम पेंशन बढ़कर 17,280 रुपये हो सकती है। पिछले वेतन आयोगों की तरह, यह बढ़ोतरी भी महंगाई और अन्य आर्थिक कारणों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी। 7वें वेतन आयोग के दौरान फिटमेंट फैक्टर 2.57 पर सेट किया गया था, जबकि कर्मचारियों ने 3.68 की मांग की थी।

कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ीं

महंगाई और खर्चों में लगातार बढ़ोतरी के बीच 8वें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार बजट 2025 में इन उम्मीदों को कैसे पूरा करती है। अगर यह आयोग लागू होता है, तो यह लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकता है।

Bank Holiday: कल शुक्रवार को बंद रहेंगे बैंक, जानें RBI ने क्यों दी है 27 दिसंबर की छुट्टी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।