Budget 2025: रेल यात्री सुविधाओं पर होगा निर्मला सीतारमण का फोकस, इन रेलवे स्टॉक्स को लग सकते हैं पंख

अगर सरकार यूनियन बजट में रेलवे के लिए आवंटन बढ़ाती है तो इससे रेलवे से जुड़े स्टॉक्स में तेजी देखने को मिल सकती है। 23 जुलाई, 2024 को पेश बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलान नहीं होने से रेलवे से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी

अपडेटेड Jan 15, 2025 पर 2:09 PM
Story continues below Advertisement
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े ऐलान कर सकती हैं।

यूनियन बजट 2025 में रेलवे के लिए कई बड़े ऐलान होने जा रहे हैं। इस वित्त वर्ष के बजट में सरकार ने रेलवे के लिए बड़े ऐलान नहीं किए थे। इसलिए इस बार बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलान होने की उम्मीद बढ़ गई है। सरकार का फोकस रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर बनाने के साथ ही यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर होगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर ट्रैवल एक्सपीरियंस बढ़ाने पर रेलवे फोकस बढ़ाता है तो इससे छोटी दूरी के लिए हवाई जहाज की जगह रेलवे से यात्रा के लिए यात्रियों को लुभाया जा सकता है। सरकार ने इस वित्त वर्ष के बजट में रेलवे के लिए 2.62 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया था।

नए रूट्स पर वंदे भारत ट्रेनों का ऐलान

यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार वंदे भारत ट्रेनों (Vande Bharat Trains) की संख्या बढ़ाना चाहती है। उम्मीद है कि 1 फरवरी को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala sitharaman) कई रूटों पर वंदे भारत ट्रेनों का ऐलान कर सकती हैं। वंदे भारत ट्रेन आरामदायक हैं। साथ ही स्पीड ज्यादा होने से यात्रा में समय भी कम लगता है। यूनियन बजट 2025 (Union Budget 2025) में सरकार उन स्टेशनों के नामों का भी ऐलान करेंगी, जिन्हें अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरकार आधुनिक बनाएगी।


पूरे रेल नेटवर्क में एटीपी लागू करने पर जोर

FY26 में कवच (Kavach) सिस्टम को पूरे रेल नेटवर्क में लागू करने पर फोकस होगा। इसके लिए करीब 12,000 करोड़ रुपये के आवंटन की उम्मीद है। 'कवच' ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) सिस्टम है। यह सिस्टम रेल हादसे रोकने में मदद करता है। इस आधुनिक सिस्टम से दो ट्रेनों के आपस में टकराने और ट्रेनों के पटरी से उतरने जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है। इससे यात्री बगैर किसी डर के ट्रेन यात्रा का आनंद ले सकते हैं। दुनिया के कई देशों में इस सिस्टम का इस्तेमाल हो रहा है। कुछ रूट्स पर इस सिस्टम को लागू किया जा चुका है।

ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ाएगी सरकार

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े ऐलान कर सकती हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख रेलवे की कोच फैक्ट्री में अब सिर्फ एलएचबी कोच बनाए जा रहे हैं। ये कोच यात्रियों के लिए ज्यादा आरामदेह हैं। इन कोचों से ट्रेन की औसत स्पीड बढ़ाने में भी मदद मिली है। ज्यादातर रूट्स की प्रमुख ट्रेनों में LHB ट्रेनों का इस्तेमाल शुरू हो गया है। रेलवे ने इस वित्त वर्ष के पहले 9 महीनों में FY25 के लिए आवंटित बजट के 67 फीसदी हिस्से का इस्तेमाल कर लिया है।

इन रेलवे स्टॉक्स को लग सकते हैं पंख

अगर सरकार यूनियन बजट में रेलवे के लिए आवंटन बढ़ाती है तो इससे रेलवे से जुड़े स्टॉक्स में तेजी देखने को मिल सकती है। 23 जुलाई, 2024 को पेश बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलान नहीं होने से रेलवे से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी। इस बार आवंटन बढ़ने से BHEL, BEL, RVNL, IRFC और टीटागढ़ जैसी कंपनियों के शेयरों में तेजी दिख सकती है।

अट्रैक्टिव प्राइस पर मिल रहे हैं रेलवे स्टॉक्स

IRFC के शेयर 14 जनवरी को 136 रुपये पर बंद हुए थे। यह स्टॉक पिछले साल 15 जुलाई को 229 रुपये पर पहुंच गया था। तब से यह करीब 40 फीसदी गिर चुका है। RVNL के शेयर 14 जनवरी को 377 रुपये पर बंद हुआ था। यह स्टॉक पिछले साल 15 जुलाई को 647 रुपये पर पहुंच गया था। तब से यह 40 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है। IRCTC के शेयर में 15 जनवरी को दोपहर में 758 रुपये पर ट्रेडिंग हो रही थी। यह स्टॉक पिछले साल 23 मई को 1,139 रुपये पर पहुंच गया था। यह करीब 33 फीसदी गिरावट है। ऐसे में अभी निवेश करने पर इन स्टॉक्स में अच्छी कमाई हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।