Budget 2025: महिलाओं के लिए खजाना खोलेंगी निर्मला सीतारमण, ये बड़े ऐलान हो सकते हैं

सरकार यूनियन बजट में महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट स्कीम की अवधि बढ़ाने का ऐलान कर सकती है। यह स्कीम इस साल मार्च में खत्म होने जा रही है। अगर सरकार इस स्कीम की अवधि नहीं बढ़ाती है तो वह नई स्कीम का ऐलान कर सकती है

अपडेटेड Jan 10, 2025 पर 2:39 PM
Story continues below Advertisement
सरकार ने यूनियन बजट 2024 में महिलाओं और लड़कियों से जुड़ी स्कीमों के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया था।

यूनियन बजट 2025 में महिलाओं के लिए बड़े ऐलान होने वाले हैं। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जब से महिलाओं पर फोकस बढ़ाया, उसके अच्छे नतीजे मिले हैं। महिलाओं को उम्मीद है कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को यूनियन बजट में कई बड़े ऐलान करेंगी। सरकार यूनियन बजट में महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट स्कीम की अवधि बढ़ाने का ऐलान कर सकती है। यह स्कीम इस साल मार्च में खत्म होने जा रही है। अगर सरकार इस स्कीम की अवधि नहीं बढ़ाती है तो वह नई स्कीम का ऐलान कर सकती है। इनकम टैक्स में भी महिलाओं को राहत देने का ऐलान बजट में हो सकता है।

महिलाओं पर घट सकता है टैक्स का बोझ

सरकार ने कुछ साल पहले इनकम टैक्स में महिलाओं को मिलने वाली रियायत खत्म कर दी थी। टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि सरकार फिर से महिलाओं पर टैक्स का बोझ घटाने का ऐलान कर सकती है। महिलाओं के लिए इनकम टैक्स एग्जेम्प्शन लिमिट बढ़ाई जा सकती है। अभी इनकम टैक्स की नई रीजीम में टैक्स एग्जेम्प्शन लिमिट सालाना 3 लाख रुपये है। ओल्ड रीजीम में यह 2.5 लाख रुपये है। यह पुरुष और महिला दोनों तरह के टैक्सपेयर्स के लिए है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण महिलाओं के लिए अलग टैक्स एग्जेम्प्शन लिमिट का ऐलान कर सकती हैं।


बढ़ सकती है महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट की अवधि

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 2023 में महिलाओं के लिए खास सेविंग्स स्कीम का ऐलान किया था। महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट नाम की यह स्कीम इस साल मार्च में खत्म होने जा रही है। इस स्कीम में डिपॉजिट पर 7.5 फीसदी इंटरेस्ट मिलता है। यह एक स्मॉल सेविंग्स स्कीम है, जिसका मकसद महिलाओं को सक्षम बनाना और सेविंग्स के लिए प्रोत्साहित करना था। इस स्कीम में मिनिमम डिपॉजिट 1 लाख रुपये है, जबकि मैक्सिमम डिपॉजिट 2,00,000 रुपये है। इस स्कीम की खास बात यह है कि इंटरेस्ट का पेमेंट हर तिमाही होती है।

महिलाओं के लिए बढ़ सकती है टैक्स एग्जेम्प्शन लिमिट

टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर सरकार महिलाओं के लिए इनकम टैक्स एग्जेम्प्शन की लिमिट बढ़ाती है तो उन पर टैक्स का बोझ घटेगा। इससे उनके हाथ में खर्च के लिए ज्यादा पैसे बचेंगे। महिलाओं के ज्यादा खर्च करने से कंजम्प्शन बढ़ेगा। इसका पॉजिटिव असर इकोनॉमिक ग्रोथ पर भी पड़ेगा। इकोनॉमिस्ट्स ने सरकार को कंजम्प्शन बढ़ाने के लिए लोगों पर इनकम टैक्स का बोझ घटाने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें: Budget 2025: गिफ्ट सिटी के इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर के लिए होंगे बड़े ऐलान

बजट 2024 में सरकार ने बढाया था फोकस

सरकार ने यूनियन बजट 2024 में महिलाओं और लड़कियों से जुड़ी स्कीमों के लिए 3 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया था। यह इस बात का संकेत है कि सरकार का फोकस महिलाओं को ज्यादा सक्षम बढ़ाने पर है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले साल बजट में वर्किंग वुमैन हॉस्टल्स बनाने का ऐलान किया था। इसका मकसद उन महिलाओं के लिए सुविधाएं बढ़ाना है, जो अपने घर से दूर के शहरों में काम करने के लिए आती हैं। ऐसी महिलाओं को रहने के लिए सुरक्षित जगह तलाश करने में दिकक्त आती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।