Union Budget: 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट को लेकर प्रधानमंत्री ने आज अर्थशास्त्रियों के साथ बैठक की। सीएनबीसी-आवाज को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक इस बैठक में महंगाई,रोजगार,निवेश बढ़ाने के अलग अलग सुझाव पेश किए गए। बैठक की पूरी जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के लक्ष्मण रॉय ने कहा कि अर्थशास्त्रियों के साथ PM ने की बैठक में PM ने पूछा कि बजट में क्या होना चाहिए?
अर्थशास्त्रियों के साथ PM ने की इस बैठक में वित्त मंत्री भी मौजूद रहीं। इसमें बजट को लेकर अर्थशास्त्रियों से सुझाव मांगे गए। इस बैठक में डीके जोशी, सुरजीत भल्ला, रिदम देसाई और अशोक गुलाटी शामिल रहे। नीति आयोग के उपाध्यक्ष और प्रधानमंत्री के मुख्य सचिव भी बैठक में शामिल रहे। इस बैठक में ग्रोथ बढ़ाने के उपायों पर खास फोकस रहा। महंगाई को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इसमें रोजगार बढ़ाने के लिए सुझाव दिए गए। साथ ही कंज्पशन बढ़ाने के अलग अलग तरीके सुझाए गए।
अब बजट पेश होने में लगभग 1 महीने का समय ही शेष रह गया है। ऐसे में सरकार मोटे तौर पर बजट का एक खाका तैयार कर लेना चाहती है। इसके इर्द-गिर्द बजट के सारे ऐलान घूमते नजर आएंगे। उसके लिए ये बैठक काफी अहम मानी जा रही है। ये बैठक 12 बजे के आसपास शुरू होकर 2 बजे के आसपास खत्म हुई।
2 घंटे की इस बैठक में पीएम ने एक ओपनिंग रिमार्क दिया उसके बाद बैठक आगे बढ़ी। इस बैठक में महंगाई पर कैसे काबू पाया जाए और महंगाई और ग्रोथ में कैसे संतुलन बैठाया जाय यह एक बड़ा मुद्दा था। इस पर अलग-अलग सुझाव आए। तीसर अहम मुद्दा था रोजगार। चूंकि रोजगार से खपत जुड़ा हुआ है इसलिए रोजगार से मौके कैसे बढ़ाए जाएं, क्या पीएलआई जैसी स्कीम और भी सेक्टरों में शुरू की जाए? ये भी इस बैठक का अहम फोकस प्वाइंट था। इसके अलावा जिन सेक्टरों में हम इंपोर्ट पर निर्भर हैं उनमें आत्मनिर्भरता कैसे बढ़ाई जाए, इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई।