Budget 2025 : राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन के साथ 31 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र, इस दिन पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे

Budget 2025 : बजट सत्र 31 जनवरी 2025 से शुरू होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार यानी 31 जनवरी को संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी 2025 को शुरू होगा और 13 फरवरी को समाप्त होगा। सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च 2025 को शुरू होगा और 4 अप्रैल 2025 तक चलेगा

अपडेटेड Jan 28, 2025 पर 7:52 PM
Story continues below Advertisement
राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन के साथ शुरू होगा बजट सत्र

Budget 2025 : आज से चार दिन बाद देश का आम बजट लोकसभा में पेश होगा। 1 फरवरी को लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री आम बजट पेश करेंगी। वहीं बजट सत्र की शुरुआत आगामी 31 जनवरी से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जनवरी को संसद को दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 को देश का केंद्रीय बजट पेश करेंगी।

31 जनवरी से शुरु होगा बजट सत्र

लोकसभा सचिवालय की ओर से बजट सत्र को लेकर एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि, 18वीं लोकसभा का चौथा सत्र शुक्रवार 31 जनवरी 2025 को शुरू होगा। आपको बता दें कि संसद के बजट सत्र के दो भाग होंगे। बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी 2025 से शुरू होगा और 13 फरवरी 2025 को समाप्त होगा। वहीं, बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च 2025 से शुरू होगा और 4 अप्रैल 2025 को समाप्त होगा।


इस दिन पेश होगा आर्थिक सर्वेक्षण 

संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद 31 जनवरी, शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा की संक्षिप्त बैठक होगी, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। वहीं 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगी। यह उनका लगातार आठवां बजट होगा। सोमवार से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। लोकसभा में इसके लिए दो दिन (3-4 फरवरी) तय किए गए हैं, जबकि राज्यसभा में तीन दिन की चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 फरवरी को राज्यसभा में बहस का जवाब दे सकते हैं। बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए संसद में 30 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।