Budget 2025: संसद के बजट सत्र की तारीखें घोषित, 31 जनवरी से होगा शुरू

बजट सत्र के दौरान 1 फरवरी 2025 को संसद में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया जाएगा। यह निर्मला सीतारमण का वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 8वां बजट होगा। सीतारमण अब तक 7 फुल बजट और 1 इंटरिम बजट पेश कर चुकी हैं। इसके पहले हुए संसद के शीतकालीन सत्र में भारी हंगामा हुआ था

अपडेटेड Jan 17, 2025 पर 11:18 PM
Story continues below Advertisement

Budget 2025-26: साल 2025 में बजट सत्र कब शुरू होगा, इसकी डिटेल सामने आ गई हैं। संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी 2025 को शुरू होगा और 13 फरवरी 2025 को खत्म होगा। सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च 2025 को शुरू होगा और 4 अप्रैल 2025 को खत्म होगा। पूरे बजट सत्र में 27 बैठकें होंगी। बजट सत्र के दौरान 1 फरवरी 2025 को संसद में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा।

यह निर्मला सीतारमण का वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 8वां बजट होगा। सीतारमण अब तक 7 फुल बजट और 1 इंटरिम बजट पेश कर चुकी हैं। वहीं नरेंद्र मोदी सरकार का 2014 में सत्ता में आने के बाद से यह 14वां बजट होगा। संसद के बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। वह संसद के दोनों सदनों लोक सभा और राज्य सभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसके बाद आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।

किस चरण में क्या होगा


बजट सत्र के पहले चरण में 31 जनवरी से 13 फरवरी तक 9 बैठकें होंगी, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे और वित्त मंत्री सीतारमण बजट पर चर्चा का जवाब देंगी। इसके बाद संसद बजट प्रस्तावों की जांच के लिए अवकाश लेगी। 10 मार्च से फिर से बैठकें शुरू होंगी, जिनमें विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी और बजटीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सत्र 4 अप्रैल को समाप्त होगा।

India Budget 2025: रिन्यूएबल एनर्जी पर होगा फोकस, बैटरी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए आ सकती है स्कीम

इसके पहले हुए संसद के शीतकालीन सत्र में भारी हंगामा हुआ था। सत्र का ज्यादातर हिस्सा हंगामे की भेंट चढ़ गया था। सत्र के शुरुआती 4 दिन सदन की कार्रवाई स्थगित रही थी। बजट सत्र के दौरान हंगामे के फिलहाल आसार नहीं दिख रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।