FM Nirmala Sitharaman: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को आगामी केंद्रीय बजट 2026-27 की तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण परामर्श बैठकें की। इस दौरान उन्होंने कैपिटल मार्केट के प्रमुख स्टेकहोल्डर्स के साथ चर्चा की। इसके तुरंत बाद वित्त मंत्री ने स्टार्टअप्स इकोसिस्टम के प्रतिनिधियों के साथ भी पांचवें दौर की बैठक की अध्यक्षता की। ये बैठकें बजट की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पूंजी बाजार और स्टार्टअप्स इकोसिस्टम के साथ की चर्चा
वित्त मंत्रालय के 'एक्स' पोस्ट के अनुसार, इन उच्च-स्तरीय बैठकों में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव और भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार ने भाग लिया। इन बैठकों का उद्देश्य पूंजी बाजार और स्टार्टअप क्षेत्र से सुझाव और इनपुट एकत्र करना है, ताकि आगामी बजट में उनकी जरूरतों और चुनौतियों को शामिल किया जा सके।
सप्ताहभर चलेगा बजट पूर्व परामर्श बैठकों का दौर
वित्त मंत्रालय ने बजट से पहले विभिन्न क्षेत्रों के साथ बैठकों की एक श्रृंखला शुरू कर दी है। सप्ताह भर चलने वाला यह अभ्यास 18 नवंबर को पूंजी बाजार, स्टार्टअप्स और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के साथ बातचीत से शुरू हुआ।
19 नवंबर: बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (BFSI) क्षेत्र, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) उद्योग।
20 नवंबर: हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन उद्योग, श्रम संघों के प्रतिनिधि।
21 नवंबर: बुनियादी ढांचा, ऊर्जा और शहरी विकास हितधारक।
26 नवंबर: आंतरिक अधिकारी और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि।
पिछले सप्ताह वित्त मंत्री ने शुरुआती बजट आउटरीच के तहत प्रमुख अर्थशास्त्रियों से मुलाकात की थी, जिसके बाद सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) के प्रतिनिधियों के साथ भी विचार-विमर्श किया गया था ताकि आगामी बजट के लिए इनपुट जुटाए जा सकें।