देश में जल्द दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, जानिए कितना हो चुका है काम...इकोनॉमिक सर्वे में सामने आई जानकारी

भारत में जल्द ही बुलेट ट्रेन चलने का सपना साकार होने वाला है। इस प्रोजेक्ट पर काफी तेजी से काम चल रहा है। पहली बुलेट ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई के बीच दौड़ेगी। इसके लिए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। शुक्रवार को जारी आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 में बताया गया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन का काम कितना पूरा हो चुका है

अपडेटेड Jan 31, 2025 पर 10:58 PM
Story continues below Advertisement
इकोनॉमिक सर्वे में सामने आई जानकारी

Economic Survey 2025  : संसद का बजट सत्र शुरू होने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में इकोनॉमिक सर्वे 2025 पेश कर दिया किया। अब एक फरवरी को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। वहीं शुक्रवार को जारी आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 में बताया गया कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन, मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना का अबतक 47% काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना को दिसंबर 2015 में मंजूरी दी गई थी और इसकी कुल लंबाई 508 किलोमीटर होगी। जापान के साथ मिलकर लगाए इस बुलेट ट्रेन परियोजना की लागत 1.08 लाख करोड़ रुपये है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2024 तक इस परियोजना में 67,486 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और 47.17% काम पूरा हो चुका है।

इकोनॉमिक सर्वे में सामने आई जानकारी

शुक्रवार को संसद में पेश आर्थिक समीक्षा 2024-25 में यह जानकारी दी गई कि, अप्रैल और अक्टूबर 2024 के बीच 17 नई वंदे भारत ट्रेनें नेटवर्क में शामिल की गईं। पिछले वित्तीय वर्ष में, इसी अवधि में 24 नई वंदे भारत ट्रेनें शुरू की गई थीं, और पूरे वर्ष में 41 ट्रेनें शामिल की गईं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अप्रैल और अक्टूबर 2024 के बीच 17 नई वंदे भारत ट्रेनों के साथ 228 कोच का उत्पादन किया गया। पिछले वित्तीय वर्ष में 456 कोच का उत्पादन किया गया था।


हालांकि, सर्वेक्षण में यह भी कहा गया है कि 2024-25 में नई रेलवे लाइनों का निर्माण पिछले वर्ष की तुलना में कम हुआ है। इसमें कहा गया है कि राजमार्गों, सड़कों और रेलवे लाइनों की कुल लंबाई में थोड़ी कमी आई है। रेलवे नेटवर्क के कमीशन में भी करीब 11% की गिरावट आई है।

देश में रेल नेटवर्क के विस्तार में लगभग 10 प्रतिशत की कमी आई है। इकोनॉमिक सर्वे के अनुसार पिछले वित्त वर्ष (अप्रैल-नवंबर) में 2,282 किलोमीटर रेल नेटवर्क चालू किया गया था जबकि चालू वित्त वर्ष की समान अवधि के दौरान यह घटकर 2,031 किलोमीटर रह गया। हालांकि, इस अवधि में रेल के डिब्बों का उत्पादन बढ़कर 26,148 है गया, जो पहले 22,042 था जबकि इंजन का उत्पादन बढ़कर 1042 हो गया, जो पहले 968 था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।