Union Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 1 फरवरी को अपना लगातार नौवां बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने रविवार को लोकसभा में बजट पेश करते हुए खेल क्षेत्र के लिए एक अहम घोषणा की है। सरकार ने आने वाले दस वर्षों में भारतीय खेलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया मिशन’ शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इस मिशन का लक्ष्य खेलों में लंबी अवधि के सुधार और विकास को मजबूत करना है। 2026 के केंद्रीय बजट में खेलो इंडिया मिशन के तहत भारत के खेल क्षेत्र को मजबूत और बदलने के लिए एक बड़ा 10 साल का रोडमैप पेश किया।
मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “खेल क्षेत्र रोजगार, स्किलिंग और नौकरी के कई अवसर पैदा करता है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत पहले से शुरू किए गए प्रतिभा विकास के प्रयासों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए, मैं अगले दस वर्षों में खेल क्षेत्र को बदलने के लिए एक खेलो इंडिया मिशन शुरू करने का प्रस्ताव रखती हूं।”
खेल प्रतिभाओं पर ध्यान देने के साथ-साथ यह मिशन स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने पर भी जोर देगा। इसमें एकीकृत टैलेंट डेवलपमेंट की व्यवस्था होगी, जिसे बेसिक, इंटरमीडिएट और एलीट स्तर के ट्रेनिंग सेंटर का सहयोग मिलेगा। साथ ही कोच और सपोर्ट स्टाफ का व्यवस्थित विकास किया जाएगा, स्पोर्ट्स साइंस और तकनीक को प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा, स्पोर्ट्स कल्चर को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताएं और लीग आयोजित की जाएंगी। ट्रेनिंग व मुकाबलों के लिए खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा।
सीतारमण ने एक खास पहल की भी घोषणा की, जिसका फोकस उच्च गुणवत्ता वाले खेल सामान के निर्माण और रिसर्च को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा, “मैं हाई-क्वालिटी स्पोर्ट्स गुड्स के मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च, इक्विपमेंट डिजाइन और मटीरियल साइंस में इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए एक केंद्रित पहल का प्रस्ताव रखती हूं।”
बता दें सरकार इससे पहले युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का मौका देने के लिए खेलो इंडिया गेम्स, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और खेलो इंडिया विंटर गेम्स जैसी पहलें शुरू कर चुकी है।