AI Course In HBTU: देश के प्रमुख तकनीकी संस्थान में शुमार हरकोर्ट बटलर तकनीकी विश्वविद्यालय (HBTU) 2026-27 के शैक्षिक सत्र से कुछ नए कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कोर्स नए दौर की तकनीक पर आधारित होंगे, जिसके तहत बीटेक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) की पढ़ाई कराई जाएगी। यह सिर्फ कानपुर के तकनीकी छात्रों के लिए अच्छी खबर नहीं है, बल्कि देश के तमाम छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है, जो ऐसे पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहते हैं।
इतना ही नहीं, एचबीटीयू नए सत्र से एमएससी के छात्रों के लिए बायो एनालिटिक्स और फोरेंसिक से जुड़ा नया पाठ्यक्रम भी शुरू करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन कोर्सों से छात्रों को भविष्य की तकनीकों में बेहतर करियर बनाने का मौका मिलेगा।
जेईई मेन की रैंक के आधार पर 60 सीटों पर होगा प्रवेश
एचबीटीयू की डीन एकेडमिक्स प्रो. वंदना दीक्षित कौशिक ने बताया कि बीटेक इन एआई एंड एमएल कोर्स में दाखिला जेईई मेंस की रैंक के आधार पर होगा। इसमें फिलहाल 60 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। देशभर के छात्र इस कोर्स में आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे छात्रों को इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जा सकेगा। प्रो. कौशिक ने कहा कि आने वाले समय में लगभग हर क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग की जरूरत बढ़ेगी। छात्रों को नई तकनीकों की पढ़ाई से शोध और रोजगार दोनों में फायदा मिलेगा।
फोरेंसिक और एमएससी बायो एनालिटिक्स में भी प्रवेश
पीएचडी में 125 सीटों के लिए 22 मई तक करें आवेदन
एचबीटीयू से पीएचडी करने के लिए 22 मई तक आवेदन किया जा सकता हैं। इस बार करीब 125 सीटों पर पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा, जिसके लिए 22 अप्रैल से पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से विषयों और सीटों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।