Best Commerce Career Options after 12th: 10वीं कक्षा के बाद कॉमर्स स्ट्रीम करियर के तौर पर दमदार चुनाव बन उभरा है। काफी संख्या में 10वीं कक्षा के बाद 11वीं-12वीं में छात्र कॉमर्स स्ट्रीम चुनते हैं और अपने लिए सफल और अच्छे पैकेज वाले करियर की नींव रखते हैं। कॉमर्स स्ट्रीम से 12वीं कक्षा कर चुके छात्रों के लिए पारंपरिक प्रोफेशनल कोर्स के साथ ही कई आज के दौर के प्रोफेशनल कोर्स भी हैं, जो कॉर्पोरेट सेक्टर में धाक जमाने में मदद कर सकते हैं। 12वीं कक्षा छात्रों के जीवन का बेहद अहम पड़ाव होती है। छात्रों को अपनी पसंद और गहरी समझ के आधार पर 11वीं के लिए विषयों का चुनाव करना चाहिए।
कॉमर्स स्ट्रीम का विकल्प चुनने वाले काफी छात्र गणित नहीं लेते हैं। ये उनका अपना चुनाव है, लेकिन गणित के साथ जो छात्र कॉमर्स स्ट्रीम की पढ़ाई करते हैं, उनका करियर आसमान की ऊंचाई छू सकता है। गणित के साथ कॉमर्स करने वाले छात्रों को कॉमर्स स्ट्रीम से जुड़े कई प्रोफेशनल कोर्स आसानी से जगह मिल जाती है। बिना मैथ्स कॉमर्स करने वाले छात्रों के लिए भी अच्छे और भरोसेमंद कोर्स हैं। कॉमर्स स्ट्रीम के लिए बेस्ट करियर ऑप्शन की इस कड़ी में आज हम गणित के साथ और गणित के बिना किए जाने वाले प्रोफेशनल कोर्स के बारे में बात करेंगे।
कॉमर्स में प्रोफेशनल कोर्स
कॉमर्स स्ट्रीम से पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए कई प्रोफेशनल कोर्स हैं, जो कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने के लिहाज से खास माने जाते हैं।
चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA): कॉमर्स के सबसे जाने-माने कोर्स में से एक है सीए। इसमें फोकस अकाउंटिंग, ऑडिटिंग, टैक्सेशन पर रहता है। सीए कोर्स के तीन स्तर हैं फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल। इसे पूरा करने में लगभग 4.5–5 साल का समय लगता है। छात्र आर्टिकलशिप ट्रेनिंग करते हैं। इस ट्रेनिंग के दौरान, उन्हें स्टाइपेंड मिलता है। इससे कुल खर्च कम करने में मदद मिलती है। यह कोर्स करने के बाद कंपनियों, फर्मों में नौकरी कर सकते हैं या अपनी प्रैक्टिस शुरू करते हैं।
कॉस्ट मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA): सीएमए कॉस्ट कंट्रोल और मैनेजमेंट पर फोकस करता है। यह कोर्स कॉस्ट अकाउंटिंग में दिलचस्पी रखने वाले स्टूडेंट्स के लिए सही है। इन पेशेवरों का काम कंपनियों को मुनाफा और खर्च के प्रबंधन में मदद करने का होता है। यह कोर्स मैन्युफैक्चरिंग और प्रोडक्शन सेक्टर में काम का है।
मैथ्स से जुड़े कॉमर्स करियर
कई छात्र गणित को लेकर परेशान रहते हैं। लेकिन उनके लिए यह समझना जरूरी है कि मैथ्स कॉमर्स से जुड़े कई प्रोफेशनल कोर्स में मददगार है लेकिन हमेशा जरूरी नहीं होता। मैथ्स के साथ कॉमर्स लेने वाले छात्र ये विकल्प चुन सकते हैं:
ACCA: इंटरनेशनल अकाउंटिंग सर्टिफिकेशन
CFA: इन्वेस्टमेंट और फाइनेंस पर फोकस
नोट : कॉमर्स में करियर के विकल्प बस इतने ही नहीं हैं। इसकी अगली किस्त में हम कॉमर्स स्ट्रीम से पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए सरकारी नौकरी के बारे में बात करेंगे।