Bihar Board Class 10 Admit Card 2026: इन छात्रों के लिए जारी नहीं हुए हैं 10वीं बोर्ड के एडमिट कार्ड, जानें कौन से छात्र नहीं दे पाएंगे परीक्षा

Bihar Board Class 10 Admit Card 2026: बिहार बोर्ड ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। ये एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए हैं। लेकिन इस बार बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड कुछ छात्रों के लिए जारी नहीं किए गए हैं। जानें कौंन हैं ये छात्र

अपडेटेड Jan 08, 2026 पर 10:49 AM
Story continues below Advertisement
बिहार बोर्ड ने 6 जनवरी, मंगलवार को 10वीं कक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं।

Bihar Board Class 10 Admit Card 2026: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) से शैक्षिक सत्र 2025-26 में मैट्रिक (10वीं कक्षा) की परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए प्रवेश पत्र सबसे जरूरी डॉक्युमेंट होता है। इसके बिना उन्हें परीक्षा देने की अनुमति नहीं होती है। बिहार बोर्ड ने 6 जनवरी, मंगलवार को 10वीं कक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने ये एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट exam.biharboardonline.org पर जारी किए हैं। लेकिन छात्र इन्हें खुद नहीं ले सकते हैं। उन्हें ये अपने स्कूल से प्रिंसिपल और स्कूल की मुहर लगने के बाद ही मिलेंगे। इसलिए छात्रों को एडमिट कार्ड के लिए अपने स्कूल से संपर्क करना होगा।

लेकिन, कुछ छात्रों के लिए ये एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए हैं। बता दें, यह एडमिट कार्ड सिर्फ उन्हीं स्टूडेंट्स के लिए मान्य होगा जो सेंट अप परीक्षा में उपस्थित थे और इसमें पास भी हुए हैं। सेंट अप परीक्षा में नहीं देने वाले या असफल छात्रों के एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए हैं। बिहार बोर्ड की मैट्रिक की थ्योरी परीक्षा 17 फरवरी 2026 से शुरू होगी। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों को परीक्षा से पहले किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय पर एडमिट कार्ड बांट दें।

एडमिट कार्ड केवल योग्य, सेंट-अप उम्मीदवारों को ही जारी किए जाएंगे। बोर्ड के नोटिस में कहा गया है कि अगर किसी स्कूल द्वारा किसी अयोग्य उम्मीदवार को एडमिट कार्ड जारी किया जाता है, तो बोर्ड संबंधित स्कूल के हेड के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। इस साल बोर्ड की ओर से सेंट अप परीक्षा नहीं देने वाले और उसमें असफल छात्रों के अलावा कुछ अन्य छात्रों के एडमिट कार्ड भी जारी नहीं किए गए हैं। इनमें वे छात्र शामिल हैं, जिन्हें स्कूल से निष्काषित कर दिया गया था और फेल या अनुपस्थित उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र नहीं जारी किए गए हैं।

बीएसईबी ने साफ किया है कि एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर एडमिट कार्ड की सख्ती से जांच की जाएगी। अगर एडमिट कार्ड बोर्ड के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता है, तो उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

खुद से लिखने में असमर्थ दिव्यांग उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार राइटर (स्क्राइब) की सुविधा दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा से कम से कम एक हफ्ते पहले अपने स्कूल के जरिए आवेदन करना होगा। बिहार बोर्ड से इस साल 10वीं कक्षा में 15,12,963 छात्र परीक्षा देंगे। इनमें 7,27,124 लड़कों के मुकाबले 7,85,829 लड़कियां पंजीकृत हैं। इनके अलावा, दस ट्रांसजेंडर छात्र भी परीक्षा देंगे। बिहार बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी। पूरे बिहार राज्य में 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए 1762 केंद्र स्थापित किए गए हैं।

UP Assistant Professor Exam: यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द, 'पेपर लीक रैकेट' का खुलासा होने पर योगी सरकार का फैसला


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।