Bihar Board Class 10 Result 2026: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) से 10वीं कक्षा की परीक्षा दे चुके छात्र टकटकी लगाए अपने नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। 10वीं कक्षा छात्रों के जीवन का अहम पड़ाव होता है, जो उनका आगे का करियर तय करता है। सिर्फ इतना ही नहीं, बिहार बोर्ड परीक्षा 2026 में टॉप करने वाले छात्रों को कई और तरह की सौगातें भी मिलती हैं, जो उनका जीवन बदल सकती हैं। समझा जा रहा है कि बिहार बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के नतीजे 20 मार्च के बाद कभी भी जारी किये जा सकते हैं।
रिजल्ट घोषित होने के बाद, बोर्ड परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक पाने वाले छात्रों यानी टॉप रैंक होल्डर्स के लिए पुरस्कार राशि भी घोषित की जाती है। यही वजह है कि रिजल्ट से पहले उत्साह और उम्मीद अपने चरम पर है। छात्र यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि अगर वे 1 से 10 के बीच रैंक लाते हैं तो उन्हें क्या सम्मान और पुरस्कार राशि मिलेगी?
बीएसईबी ने 10वीं (मैट्रिक) कक्षा की बोर्ड परीक्षा में टॉप 10 रैंक होल्डर्स के लिए पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी है। साथ ही, 2025 में मासिक स्कॉलरशिप की राशि भी बढ़ा दी है। पिछले साल, बिहार बोर्ड 10वीं कक्षा की टॉप 10 मेरिट लिस्ट में कुल 123 छात्रों को स्थान मिला था। बीएसईबी के अनुसार, पहली रैंक हासिल करने वाले छात्रों को पहले के 1 लाख रुपये के बजाय 2 लाख रुपये मिले। दूसरी और तीसरी रैंक पाने वालों को क्रम से 1.5 लाख रुपये (पहले 75,000 रुपये) और 1 लाख रुपये (पहले 50,000 रुपये) दिए गए। रैंक 4 और 10 के बीच आने वाले छात्रों को 20,000 रुपये मिले, जो पहले 10,000 रुपये थे। बीएसईबी टॉपर्स को लैपटॉप, सर्टिफिकेट और मेडल भी दे सकता है।
देश रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम के बदले हुए नियमों के तहत, टॉप 10 रैंक पाने वालों को अब 1,200 रुपये के बजाय हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे। राज्य या केंद्र सरकार के संस्थानों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को दो साल (क्लास 11 और 12) के लिए छात्रवृत्ति मिलती है। जबकि टेक्निकल या डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने वालों को यह उनके कोर्स पूरा होने तक मिलती रहती है।