Bihar Board class 12 exams 2026: बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा आज से शुरू, पहली शिफ्ट में बायोलॉजी, इकोनॉमिक्स और म्यूजिक की परीक्षा देने पहुंचे छात्र

Bihar Board class 12 exams 2026: बिहार बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा आज से शुरू हो रही है। पहली शिफ्ट के छात्र परीक्षा केंद्रों में पहुंच चुके हैं और कुछ ही देर में पेपर शुरू हो जाएगा। आज पहली शिफ्ट में छात्र बायोलॉजी, इकोनॉमिक्स और म्यूजिक की परीक्षा देने पहुंचे हैं

अपडेटेड Feb 02, 2026 पर 9:28 AM
Story continues below Advertisement
शेड्यूल के अनुसार, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी, 2026 तक चलेंगी।

Bihar Board class 12 exams 2026: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की इंटरमीडिएट (12वीं) कक्षा की परीक्षाएं आज 2 फरवरी से शुरू हो गईं। ये परीक्षाएं राज्य भर में आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए आयोजित की जा रही हैं। बिहार बोर्ड के शेड्यूल के अनुसार, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी, 2026 तक चलेंगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में बीएनएसएस की 163 लागू की है। परीक्षा केंद्र के आसपास की इस परिधि में अनावश्यक भीड़ या अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

25 छात्रों पर एक इनविजिलेटर तैनात

हर हॉल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पूरे केंद्र की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। इसके अलावा हर 25 छात्रों पर एक इनविजिलेटर की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके। सभी परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की दो बार जांच यानी टू लेवल स्क्रीनिंग होगी। छात्रों की पहली तलाशी एग्जाम सेंटर में प्रवेश करते समय होगी। उसके बाद परीक्षा कक्ष में तैनात परीक्षक तलाशी लेंगे और सही से जांच पूरी करने का घोषणापत्र भी देंगे।


पेपर पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी, जिसके लिए छात्रों को सुबह 8:30 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी और इसके लिए प्रवेश दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। हर पाली में छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय, यानी कूल ऑफ टाइम भी दिया जा रहा है। पहली में जहां बायोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप, इकोनॉमिक्स और म्यूजिक की परीक्षा होगी। वहीं, दूसरी में फिजिक्स, फिलॉसफी, बिजनेस स्टडीज, फाउंडेशन कोर्स के छात्र परीक्षा देंगे

राज्य के 1762 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा

बिहार बोर्ड द्वारा इंटर परीक्षा राज्य के कुल 1762 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस दौरान कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी अलग अलग विषयों में शामिल होंगे। राजधानी पटना में इस बार 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 73,963 छात्र छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। खास बात यह है कि जिले में चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सिर्फ छात्राओं को ही परीक्षा देने की अनुमति दी गई है। इन केंद्रों पर महिला पुलिस, महिला निरीक्षक और अलग सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

उम्मीदवारों को सलाह

बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा के दिनों में किसी भी भ्रम से बचने के लिए टाइम टेबल में बताई गई विषय-वार तारीखों को ध्यान से देखें। बोर्ड ने छात्रों को सभी परीक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की भी याद दिलाई है, जिसमें रिपोर्टिंग समय, ड्रेस कोड और परीक्षा हॉल के अंदर प्रतिबंधित वस्तुओं से संबंधित नियम शामिल हैं।

Education Budget 2026: नए AIIMS से लेकर डिजाइन स्कूल तक... एजुकेशन सेक्टर पर सरकार का खास फोकस, जानें- बड़ी घोषणाएं

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।