BSEB Bihar Board 12th Exam: बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट (12वीं कक्षा) की परीक्षाएं राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर चल रही हैं। पहले दिन, सोमवार को कुछ छात्रों के परीक्षा केंद्र देरी से पहुंचने के कारण गेट बंद हो गया था और उनकी परीक्षा छूट गई थी। इससे काफी छात्र निराश हो गए थे। ऐसे सभी छात्रों को निराश होने की जरूरत नहीं है। जो परीक्षा छूट गई उसकी चिंता करने के बजाए छात्रों को आगे की परीक्षाओं पर अपना पूरा फोकस रखना चाहिए, क्योंकि इन्हें बोर्ड की तरफ से अपनी परीक्षा दोबारा देने का मौका मिल सकता है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ऐसे सभी परीक्षार्थियों की परीक्षा दोबार किसी डेट पर कराएगा।
जिनकी परीक्षा छूट गई, बीएसईबी उन्हें फिर परीक्षा का देगा मौका
इस बीच, बोर्ड ने उन सभी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है जिनकी किसी भी वजह से परीक्षा छूट गई। ऐसे विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह विशेष परीक्षा मई 2026 में होगी। इसके लिए मई-जून के महीने में ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि देर से पहुंचने पर गेट बंद होने के बाद किसी को अंदर नहीं किया जाएगा और केंद्राध्यक्षों को सख्त निर्देश हैं।
पहले ही दिन कई जगह हंगामा, गेट फांदने की कोशिश में घायल हुई छात्रा
बता दें, इस बार बिहार बोर्ड की परीक्षाओं में काफी सख्ती की जा रही है। बोर्ड ने पहले ही छात्रों को समय से एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की एडवाइजरी जारी की थी। इसके बावजूद कल पहले दिन की परीक्षा में कई जिलों में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। मुजफ्फरपुर से लेकर पटना तक दर्जनों छात्र-छात्राओं को देर से पहुंचने के कारण बाहर ही रोक दिया गया। एक जगह तो गेट फांदने की कोशिश में एक छात्रा घायल भी हो गई। वहीं बोर्ड ने पहले दिन 26 नकल करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया। वहीं, कुछ छात्रों के एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र का पता गलत होने का भी मामला सामने आया है। गलत पते पर पहुंचने की वजह से कुछ छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए। पहले ही दिन बेगुसराय और औरंगाबाद समेत कई जिलों में छात्रों ने हंगामा देखने को मिला। कुछ जगहों पर पुलिस के लाठीचार्ज करने की भी खबरें हैं।
बीएसईबी ने पहले ही जारी की थी एडवाइजरी
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने पहली ही एडवाइजरी जारी कर स्टूडेंट्स को बताया था कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पर एग्जाम सेंटर पर एंट्री बंद कर दी जाएगी। बोर्ड ने जरूरी नोटिस में कहा था कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले एग्जाम सेंटर पर एंट्री शुरू हो जाएगी और मेन गेट आधा घंटा पहले बंद हो जाएगा। इसके बावजूद, मुजफ्फरपुर जिले में 81 केंद्रों पर परीक्षा हुई, जहां पहले पाली में ही 100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं की परीक्षा छूट गई। कई केंद्रों पर 9:30 बजे तक गेट बंद कर दिए गए थे। दर्जनों लड़कियां परीक्षा केंद्र के बाहर रोती-बिलखती दिखीं। कुछ छात्राओं ने बताया कि वे सिर्फ 9:02 बजे पहुंची थीं, लेकिन जांच के नाम पर उन्हें अंदर नहीं किया गया।