CBSE 10th Result 2026: सीबीएसई बोर्ड 10वीं कक्षा का रिजल्ट आज जारी हो गया है। छात्रों के लिए ये जानना जरूरी है कि वे अपार आईडी के बिना अपना रिजल्ट देख सकते हैं या नहीं? अपार आईडी का मतलब है ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (APAAR), नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) 2020 के तहत शुरू की गई एक यूनिक पहचान है।
छात्रों का डिजिटल आधार है अपार आईडी
अपार आईडी को 'वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी' भी कहा जाता है। यह छात्रों के लिए एक डिजिटल आधार कार्ड की तरह है, जिसमें उनकी शिक्षा, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा एक ही जगह जमा रहता है। इस आईडी के जरिए समय के साथ उनकी प्रोग्रेस को ट्रैक करना आसान हो जाता है। सीबीएसई के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, फिलहाल रिजल्ट चेक करने के लिए APAAR ID अनिवार्य नहीं है। छात्र पुराने तरीके से ही अपना परिणाम देख सकते हैं। अभिभावकों और छात्रों को इस बात से परेशान होने की जरूरत नहीं है कि उनके पास 'APAAR ID' नहीं है।
भविषय के लिए जरूरी होगी अपार आईडी
लेकिन, अपार आईडी भविष्य में छात्रों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है। बोर्ड का लक्ष्य है कि सभी छात्रों का डेटा 'डिजीटल एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स' (ABC) में लिंक हो जाए। जब छात्र 10वीं पास करके 11वीं में एडमिशन लेंगे या बाद में कॉलेज जाएंगे, तब यह आईडी उनके सभी सर्टिफिकेट्स को एक साथ जोड़ने का काम करेगी। भविष्य में स्कॉलरशिप और उच्च शिक्षा के लिए आवेदन करते समय इसकी मांग बढ़ सकती है।
छात्र अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए रोल नंबर, स्कूल कोड और जन्म तिथि के जरिए वेबसाइट cbse.gov.in और results.cbse.nic.in से रिजल्ट देख सकते हैं। छात्र अपने आधार नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए डिजिलॉकर (DigiLocker) सेअपनी डिजिटल मार्कशीट प्राप्त कर सकते हैं।
25 लाख छात्रों ने 83 विषयों की दी है परीक्षा
सीबीएसई की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल 10वीं की परीक्षा में कुल 25,08,319 छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की थी। जिसमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं, जिन्होंने कुल 83 विषयों के लिए 8,075 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी है।