CBSE 12th Re-evaluation 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए बड़ा अपडेट है। अपने नंबरों का पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन के लिए सीबीएसई पोर्टल के शुरू होने का इंतजार कर रहे 12 लाख से अधिक छात्र अब इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोर्टल शुरू होने की सूचना दी है। इसके बाद से स्कैन आंसर शीट प्राप्त कर चुके छात्र अंकों के सत्यापन और री-इवैल्युएशन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की यह प्रक्रिया 6 जून 2026 तक जारी रहेगी। छात्र https://postresult.cbseit.in/pvr पर जाकर एप्लाई कर सकते हैं।
इससे पहले सीबीएसई री-इवैल्यूएशन आवेदन की विंडो 1 जून से ही शुरू होनी थी। तकनीकी गड़बड़ी के कारण सोमवार रात तक सीबीएसई का पोर्टल शुरू नहीं हो सका, जिससे छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। आज मंगलवार सुबह सीबीएसई ने एक्स पर वीडियो मैसेज के साथ लिखा, 'प्रिय छात्रों वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन पोर्टल अब लाइव हो गया है! मार्क्स के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कैसे करें, इस पर स्टेप-बाय-स्टेप निर्देशों के लिए कृपया वीडियो को ध्यान से देखें।' सीबीएसई के मुताबिक आंसर-शीट की स्कैन की हुई कॉपी पाने के लिए कुल 4,04,319 एप्लीकेशन मिले। छात्रों ने कुल 11,31,961 आंसर-शीट की मांग की थी। कुल 8,98,214 आंसर-शीट डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई गईं।
री-इवैल्युएशन के आवेदन के लिए सबसे पहले छात्र अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करें। स्कैन कॉपी को ध्यान से जांचें और देखें कि कहीं कोई उत्तर छूटा तो नहीं है जोड़ में गलती तो नहीं है कोई पेज गायब तो नहीं है या मूल्यांकन में कोई गलती तो नहीं हुई है। अगर किसी प्रकार की गड़बड़ी दिखाई देती है तो मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करें। यदि किसी विशेष प्रश्न में अंक कम दिए गए हैं या मूल्यांकन सही नहीं हुआ है, तो उस प्रश्न के लिए री-इवैल्युएशन का आवेदन करें।
नंबर बढ़े तो फीस होगी वापस
CBSE ने यह भी घोषणा की है कि यदि री-इवैल्युएशन के बाद किसी छात्र के अंक बढ़ते हैं तो उससे ली गई री-इवैल्युएशन फीस वापस कर दी जाएगी।
पोस्ट रिजल्ट सेवाओं की फीस में बड़ी कटौती
सीबीएसई ने छात्रों पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं की फीस में भी कटौती की घोषणा कर बड़ी राहत दी है। अब प्रति विषय स्कैन कॉपी 100 रुपये, मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए प्रति विषय 100 रुपये और री-इवैल्युएशन प्रति प्रश्न 25 रुपये की फीस निर्धारित की गई है।
री-इवैल्युएशन के बाद कम भी हो सकते हैं नंबर
सीबीएसई ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को चेताया है कि कॉपी री चेकिंग के बाद नंबर कम भी हो सकते हैं। छात्र अधिक अंकों का हकदार होता है, तो उनके बढ़ाए जाएंगे। अगर किसी गलती को सुधारने के चलते छात्र के नंबर कम होते हैं तो, छात्र के अंक उसी के अनुसार कम कर दिए जाएंगे।