CBSE 12th Result 2026: सीबीएसई बोर्ड के 12वीं कक्षा के छात्रों की परेशानियां खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ओएसएम के कारण कम नंबर आने पर छात्रों की नाराजगी झेल चुके बोर्ड ने हाल ही में स्कैन कॉपी डाउनलोड करने की सुविधा शुरू की थी। इसकी शुरुआत 19 मई सुबह 10 बजे से होनी थी, लेकिन 10 बजे के बाद सीबीएसई की री-इवैलुएशन वेबसाइट ट्रैफिक बढ़ने की वजह से हैंग करने लगी। सोशल मीडिया पर कई पक्षों ने इस संबंध में शिकायत साझा की।
बोर्ड ने 2 बजे के बाद वेबसाइट ठीक होने का भरोसा दिया
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मंगलवार को 12वीं कक्ष के छात्रों के बीच बढ़ती परेशानी को दूर करने के लिए कदम उठाया। बोर्ड ने आज जारी एक आधिकारिक नोटिस में माना कि जांची हुई आंसर शीट की स्कैन्ड कॉपी पाने के लिए आवेदन जमा करने वाले पोर्टल में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। नोटिस में लिखा था, "एक्सपर्ट्स की एक टीम इस समस्या को ठीक कर रही है, और एप्लीकेशन आज दोपहर 02:00 PM तक लाइव होने की उम्मीद है।" "हम इस बारे में आपसे सब्र और सहयोग की रिक्वेस्ट करते हैं।"
कम नंबर आने से छात्र परेशान
छात्रों को अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी पाने के लिए बोर्ड की ऑनलाइन सुविधा का इस्तेमाल करने में लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। कई लोगों ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोर्टल पर लॉग इन करने या रिक्वेस्ट सबमिट रहे दिक्कत की शिकायत की थी। हाल ही में 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद से ही छात्र, अभिभावक और टीचर लगातार इस साल पीसीएम और इकोनॉमिक्स-अकाउंटेंसी विषयों में कम नंबर मिलने की शिकायत कर रहे हैं। इसके लिए सीबीएसई द्वारा 12वीं की आंसर शीट के मूल्यांकन में ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था लागू करने को जिम्मेदार माना था।
आंसर शीट की स्कैन कॉपी पाने के 23 तक आवेदन करें
इसके बाद सीबीएसई ने ओएसएम का बचाव करते हुए छात्रों को 19 मई से अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी देखने की सुविधा प्रदान की थी। यह सुविधा 22 मई तक प्रदान की गई थी। लेकिन 19 मई को 10 बजे के बाद बोर्ड की वेबसाइट हैंग करने लगी जिससे बहुत से छात्र आवेदन पूरा नहीं कर पाए। इस समस्या को देखते हुए बोर्ड ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, वेबसाइट पर आई तकनीकी समस्या को देखते हुए छात्रों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला लिया गया है। सीबीएसई ने बताया कि अब छात्र अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए 23 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।