CBSE Result 2026: सीबीएसई बोर्ड के 10वीं कक्षा के छात्रों की बोर्ड परीक्षा खत्म हो चुकी है। इसके बाद अब ये छात्र अपने बोर्ड परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, सीबीएसई की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 10 अप्रैल को समाप्त होगी। बोर्ड सूत्रों के अनुसार, 10वीं कक्षा का रिजल्ट 14 अप्रैल के आसपास जारी किया जा सकता है। हालांकि, सीबीएसई ने परिणाम के लिए अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। बोर्ड अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों को अपडेट के लिए सिर्फ ऑफिशियल वेबसाइट पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।
दोनों कक्षाओं के छात्रों को जहां समान रूप से अपने परिणाम का इंतजार होगा, वहीं 12वीं कक्षा के छात्रों को इसके लिए ज्यादा इंतजार करना होगा। इसकी वजह है कि 12वीं के छात्रों की बोर्ड परीक्षा का देर से खत्म होना है। इतने कम समय में इस कक्षा के छात्रों की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन पूरा करना संभव नहीं है। इसलिए बोर्ड दोनों कक्षाओं का परिणाम अलग-अलग चरणों में घोषित कर सकता है।
तेज मूल्यांकन के लिए ज्यादा परीक्षक लगाने पर विचार
पिछले दो सालों में, सीबीएसई ने दोनों कक्षाओं के रिजल्ट मई में एक साथ घोषित किए थे। हालांकि, इस साल स्थिति अलग है। 10वीं के एग्जाम पहले ही खत्म हो चुके हैं, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा अभी चल रही है। बोर्ड पहले 10वीं के रिजल्ट जारी करने को प्राथमिकता दे सकता है ताकि छात्र अपने शैक्षिक भविष्य के बारे में समय पर फैसले ले सकें। मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज करने की भी कोशिश की जा रही है। सूत्रों से पता चला है कि बोर्ड मूल्यांकन केंद्रों की संख्या बढ़ाने और आंसर शीट की चेकिंग में तेजी लाने के लिए अधिक परीक्षक लगाने पर विचार कर रहा है।
15 मई से कम्पार्टमेंट एग्जाम प्रस्तावित
सीबीएसई स्कूलों के प्रिंसिपल का कहना है कि 10वीं के रिजल्ट का जल्दी जारी होना बहुत जरूरी है, क्योंकि छात्र विषय चुनने और स्कूल बदलने पर विचार करने के लिए उन पर निर्भर करते हैं। इसी तरह, 12वीं कक्षा के परिणाम भी उतने ही जरूरी हैं क्योंकि उनका सीधा संबंध हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन में एडमिशन से है।