CUET UG 2026: देशभर में केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET) स्नातक (UG) की तैयारी करने वाले लाखों छात्रों के लिए यह अहम अपडेट है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 28 मई 2026 को होने वाली सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा को स्थगित कर दिया है। केंद्र सरकार द्वारा ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी की तारीख में बदलाव होने के कारण यह फैसला लिया गया है। इस फैसले से 28 मई 2026 को होने वाली दोनों शिफ्ट की परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। एनटीए द्वारा इस परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि किसी भी तरह की अफवाह से बचने और नई तारीखों की सटीक जानकारी के लिए नियमित रूप से उसकी आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in या सीयूईटी यूजी पोर्टल https://cuet.nta.nic.in/ पर विजिट करते रहें। जिन छात्रों की परीक्षा 28 मई को थी, उन्हें नया एडमिट कार्ड या अपडेटेड शिफ्ट जानकारी मिल सकती है।
इस परीक्षा की शुरुआत 11 मई 2026 से हो चुकी है और ये 31 मई 2026 तक कई शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इस बीच 28 मई को दो शिफ्ट में होने वाली परीक्षा को बकरीद के लिए स्थगित कर दिया गया है। बता दें, सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा भारत की प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जिसके माध्यम से देश के केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाता है। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाती है।
इस साल इस साल छात्र औसतन 4.31 विषयों की परीक्षा दे रहे हैं और कुल मिलाकर देश भर में 35 शिफ्टों में इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के लिए आवेदन फॉर्म 03 जनवरी से 04 फरवरी 2026 के बीच भरे गए थे। इस परीक्षा को मुख्य रूप से 3 हिस्सों में बांटा गया है, जिसमें भाषा, डोमेन-विशिष्ट विषय और सामान्य टेस्ट है। इसमें बहुविकल्पीय (MCQs) पूछे जाते हैं। परीक्षार्थियों को हर सही उत्तर के लिए +5 अंक मिलते हैं, जबकि गलत उत्तर के लिए -1 अंक काटा जाता है। वहीं, बिना जवाब वाले प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं मिलते हैं।