CUET UG Exam 2026: सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस एग्जाम (CUET) के जरिए देश की केंद्रीय यूनिवर्सिटी के स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए यह अहम अपडेट है। राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सीयूईटी यूजी -2026 परीक्षा देने वाले कुछ उम्मीदवारों को अपने आवेदन फॉर्म में फोटो मिसमैच की समस्या के समाधान के लिए आज तक का समय दिया है। यानी आवेदन फॉर्म में अगर किसी छात्र की फोटो मिसमैच है तो उनके लिए एनटीए ने 7 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच फोटो वेरिफिकेशन विंडों खोली है। इसकी लास्ट डेट आज है।
टेस्टिंग एजेंसी ने उन उम्मीदवारों को अपनी डिटेल्स ठीक करने की इजाजत दी है जिन्होंने आधार के अलावा दूसरे ID प्रूफ इस्तेमाल किए थे, क्योंकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान ली गई कुछ लाइव फोटो UIDAI रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रही थीं। इसे ठीक करने और परीक्षा के दिन किसी भी परेशानी से बचने के लिए, इन छात्रों को सत्यापन प्रक्रिया को पूरा करना होगा।
एनटीए ने इसके लिए जिनसे संपर्क किया है, उनके लिए यह एक जरूरी चरण है। संभव है कि इस सत्यापन के बिना आपको परीक्षा देने की अनुमति न मिले। एनटीए ने इन छात्रों से एक सर्टिफिकेट डाउनलोड कर उस पर अपने स्कूल प्रिंसिपल या गजेटेड ऑफिसर जैसे किसी अधिकारी से साइन और स्टैम्प लगवा कर उसे अपने आपेदन पोर्टल पर वापस अपलोड करने के लिए कहा है।
बता दें, 37 विषयों के लिए सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा 11 मई से 31 मई, 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जनवरी से 4 फरवरी, 2026 के बीच की गई थी, और 23 से 26 फरवरी तक करेक्शन विंडो खुली थी।
सर्टिफिकेट पूरा करने के लिए करें ये काम
सर्टिफिकेट डाउनलोड करें : नोटिस में दिया गया सर्टिफिकेट डाउनलोड करें (इसे "एनेक्सर-1" कहते हैं, जो नोटिस के पेज 2 पर मिलेगा)। आपको इसकी एक प्रिंटेड कॉपी चाहिए होगी।
अपनी लेटेस्ट फोटो चिपकाएं : इस सर्टिफिकेट पर मार्क किए गए बॉक्स में अपनी एक ताजा और साफ फोटो लगाएं।
गजटेड अधिकारी से सत्यापित करवाएं : आपको एक गजटेड अधिकारी से इस सर्टिफिकेट पर साइन और स्टैम्प लगवाने की जरूरत होगी। उनके हस्ताक्षर सर्टिफिकेट पेपर और आपकी नई फोटो पर ओवरलैप होने चाहिए।
सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर करने योग्य :
आपके मौजूदा स्कूल या कॉलेज के प्रिंसिपल, या
आपके मौजूदा स्कूल या कॉलेज के हेडमास्टर।
फॉर्म अपलोड करें : साइन और स्टैम्प लगने के बाद, पूरे सर्टिफिकेट को PDF फाइल के रूप में स्कैन करें। इस फाइल को अपलोड करने के लिए आपके ईमेल पर भेजे गए लिंक का इस्तेमाल करें।