IIM admission after 12th: जेईई मेन और एडवांस्ड के स्कोर पर आईआईएम में सीधे प्रवेश, एआई-डाटा साइंस में बीबीए और बीएस करने का मौका

IIM admission after 12th: 12वीं पास छात्र देश के प्रमुख आईआईएम संस्थानों में एआई या डाटा साइंस में बीबीए या बीएस की पढ़ाई कर सकते हैं। इन्हें जेईई मेन और एडवांस्ड के स्कोर के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। कई टॉप आईआईएम संस्थानों ने छात्रों के लिए की खास तैयारी

अपडेटेड Jul 20, 2026 पर 5:35 PM
जेईई मेन और एडवांस्ड के स्कोर की मदद से छात्र ग्रेजुएट कोर्स भी आईआईएम से कर सकते हैं।

IIM admission after 12th: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान में दाखिले का सपना देखने वाले छात्र अब तक ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल करने के बाद ही ऐसा कर सकते थे। लेकिन अब कई आईआईएम अपने कैंपस 12वीं पास छात्रों के लिए खोल रहे हैं। इसके लिए कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) परीक्षा देने की भी जरूरत नहीं है। जेईई मेन और एडवांस्ड के स्कोर की मदद से छात्र ग्रेजुएट कोर्स भी आईआईएम से कर सकते हैं।

इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए वे अपनी प्रवेश परीक्षा भी लेते हैं। 12वीं के बाद जेईई के स्कोर के आधार पर छात्र मैनेजमेंट, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल बिजनेस के यूजी कोर्स आईआईएम से कर सकते हैं। बैचलर प्रोग्राम चलाने वाले आईआईएम में आईआईएम लखनऊ, आईआईएम बेंगलुरू, आईआईएम मुंबई, आईआईएम कोझिकोड और आईआईएम संबलपुर शामिल हैं।

आईआईएम लखनऊ से करें एआई और बिजनेस एनालिटिक्स में बीएस

यह कोर्स 2026 में लॉन्च हुआ उन छात्रों के लिए है जो टेक और मैनेजमेंट का कॉम्बिनेशन पढ़ना चाहते हैं। ये छात्र आईआईएम के लखनऊ कैंपस से एआई और बिजनेस एनालिटिक्स में बैचलर ऑफ साइंस (BS) कर सकते हैं। यह प्रोग्राम फिलहाल आईआईएम में अकेला ऐसा अंडरग्रेजुएट कोर्स है, जो जेईई एडवांस्ड के जरिए छात्रों को प्रवेश देता है।

आईआईएम बेंगलुरु से डिजिटल बिजनेस और एंटरप्रेन्योरशिप में ऑनलाइन बीबीए

आईआईएम बेंगलुरु डिजिटल बिजनेस और एंटरप्रेन्योरशिप में तीन साल का ऑनलाइन बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) कोर्स करवा रहा है। इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए आप जेईई मेन (JEE Main) या फिर सीयूईटी यूजी (CUET UG) दोनों में से किसी भी माध्यम का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह प्रोग्राम खास तौर पर उन नौजवानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जिनका दिमाग हमेशा नए बिजनेस आइडियाज, डिजिटल ट्रां सफॉर्मेशन और स्टार्टअप्स की दुनिया में दौड़ता रहता है।


आईआईएम मुंबई करवा रहा डिजिटल साइंस और बिजनेस मैनेजमेंट में बीएस

आईआईएम मुंबई ने अपना पहला अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम लॉन्च कर दिया है। यह चार साल का बैचलर ऑफ साइंस (BS) कोर्स है, जिसे खासतौर पर डिजिटल साइंस और बिजनेस मैनेजमेंट की बारीकियों को सिखाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस प्रोग्राम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें एडमिशन पूरी तरह से जेईई मेन (JEE Main) के स्कोर के आधार पर होता है। इसके पहले बैच में सिर्फ 70 सीटें रखी गई हैं, जो इसे आईआईएम में सबसे अधिक कॉम्पिटेटिव यूजी कोर्स बनाती हैं। जेईई मेन में आपके शानदार प्रदर्शन के आधार पर आपको शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और फिर पर्सनल इंटरव्यू (PI) के लिए बुलाया जाएगा। ध्यान रहे, फाइनल मेरिट लिस्ट में आपके इंटरव्यू का 30% वेटेज होगा।

आईआईएम कोझिकोड दे रहा बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की डिग्री

आईआईएम कोझिकोड जेईई मेन के जरिए आपको सीधे तौर पर एडमिशन नहीं देता है। इसके बजाय, जेईई मेन में 80 या उससे ज्यादा परसेंटाइल हैं, या सैट (SAT) परीक्षा में 1300 या उससे ज्यादा स्कोर वाले छात्रों को आईआईएम कोझिकोड के एप्टीट्यूड टेस्ट से पूरी तरह छूट मिल जाती है। योग्य छात्रों को प्रवेश प्रक्रिया के बाकी चरणों में हिस्सा लेना ही होगा, जिसमें इंस्टिट्यूट की अपनी चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू शामिल है।

आईआईएम संबलपुर से पाएं डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बीएस

आईआईएम संबलपुर ने डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बीएस (BS) प्रोग्राम शुरू किया है। इस कोर्स में भी एंट्री पाने के लिए जेईई मेन का स्कोर जरूरी है। कॉलेज उम्मीदवारों को जेईई मेन स्कोर का इस्तेमाल करके शॉर्टलिस्ट करता है और फिर शॉर्टलिस्टेड कैंडिडेट्स को पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। इस कोर्स के लिए अधिकतम 20 साल की उम्र के आवदक अप्लाई कर सकते हैं। सरकारी नियमों के मुताबिक रिजर्व कैटेगरी के छात्र-छात्राओं को उम्र सीमा में जरूरी छूट भी दी जाती है।

ATMA July Result 2026: जुलाई सत्र का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर देखें उम्मीदवार, अगस्त सत्र के लिए शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।