ISC Exam 2026: जानिए कौन हैं आईएससी में 100% नंबर पाकर इतिहास रचने वाली अनुष्का घोष, एयरोस्पेस इंजीनियर बनना है सपना

ISC Exam 2026: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना की अनुष्का घोष ने 12वीं कक्षा में 400 में से 400 नंबर पाकर इतिहास रचा है। जेईई एडवांस की तैयारी कर रहीं अनुष्का भविष्य में आईआईटी से एयरोस्पेस इंजीनियर बनना है। आइए जानें उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में किस चूक ने प्रेरित किया

अपडेटेड May 01, 2026 पर 12:58 PM
Story continues below Advertisement
अनुष्का देश के टॉप पांच आईआईटी से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग करना चाहती हैं।

ISC Exam 2026: जब से सीआईएससीई ने आईएससी और आईसीएसई के रिजल्ट घोषित किए हैं, तब से पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना के एक घर में जश्न का माहौल छाया हुआ है। यहां की अनुष्का घोष ने आईएससी की परीक्षा सिर्फ पास नहीं की है, उन्होंने 400 में से 400 नंबर हासिल कर इतिहास रचा है। सीआईएससीई ने गुरुवार, 30 अप्रैल 2026 को आईएससी (12वीं) और आईसीएसई (10वीं) के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। अपने प्रदर्शन से बेहद खुश अनुष्का ने इस उपलब्धि के लिए एक घटना को जिम्मेदार बताया है।

10वीं का दर्द 12वीं में बना कामयाबी की वजह

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अनुष्का ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। 10वीं में मेरे 500 में से 498 नंबर आए थे। मुझे अपने पसंदीदा सब्जेक्ट इंग्लिश में दो नंबर कम मिले थे। इससे मैं निराश थी, इसलिए मैंने तय किया कि मुझे 12वीं में पूरे नंबर लाने हैं। आज, जब मैंने अपना रिजल्ट देखा, तो मुझे 400 में से 400 और इंग्लिश में 100 में से 100 नंबर मिले हैं, तो मैं बहुत खुश हुई। मेरी मां ने मुझे बचपन में पढ़ाया, और स्कूल मेरा दूसरा घर था। वहां हर कोई सपोर्टिव और आसानी से उपलब्ध था। मैं अभी इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही हूं।"

12वीं के साथ जारी रखी जेईई की तैयारी

पश्चिम बंगाल के सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन, पानीहाटी की छात्रा अनुष्का घोष ने अंग्रेजी, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान और कंप्यूटर विज्ञान में पूरे 100 अंक हासिल किए। अनुष्का ने आईएससी की पढ़ाई के साथ-साथ जेईई की भी तैयारी करती रहीं। उन्होंने बताया कि आईएससी का सिलेबस और मॉड्यूल सीबीएसई की तरह जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप है। इससे उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में बहुत मदद मिली है।


टॉप आईआईटी से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का है सपना

जेईई एडवांस की तैयार कर रही अनुष्का देश के टॉप पांच आईआईटी से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग करना चाहती हैं। इसके लिए वह पूरे जी-जान से तैयारी में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मैं अब रोज दो से तीन मॉक टेस्ट दे रही हूं, सैंपल पेपर और पिछले सालों के पेपर हल कर रही हूं, ताकि अपनी तैयारी में कमियों को समझ सकूं और टाइम मैनेजमेंट की आदत डाल सकूं।

आईएससी और आईसीएसई में इस साल लड़कियों का रहा वर्चस्व

आईएससी और आईसीएसई के नतीजे 30 अप्रैल को घोषित किए गए। 12वीं का पास प्रतिशत 99.13% रहा, जिसमें 99.48% लड़कियों ने सफलता पाई, जबकि 98.81% लड़कों ने कामयाबी दर्ज की। 10वीं की परीक्षा में पास प्रतिशत 99.18% रहा। इसमें भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। छात्राओं का पास प्रतिशत 99.46% है और छात्रों का पास प्रतिशत 98.93% है।

CISCE 12th Topper Marksheet: 12वीं में 4 सब्जेक्ट में 100 में 100 एक में 99, टॉपर शांभवी ने कैसे पाए इतने नंबर?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।