JEE Main 2026 Session 2 Guidelines: कल परीक्षा देने जा रहे हैं तो पहले जान लें ये जरूरी निर्देश, परीक्षा में समय से पहले पहुंचें वर्ना नहीं मिलेगी एंट्री

JEE Main 2026 Session 2 Guidelines: जेईई मेन सेशन 2 परीक्षा कल यानी 2 अप्रैल से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 2 शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। देश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में जानें से पहले छात्रों को यहां बताए जा रहे सभी जरूरी नियम ध्यान से जान लेने चाहिए

अपडेटेड Apr 01, 2026 पर 8:22 PM
Story continues below Advertisement
जेईई मेन के पेपर 1 – BTech/BE का आयोजन 2, 4, 5, 6, 7 और 8 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।

JEE Main 2026 Session 2 Guidelines: इंजीनियरिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले देश के लाखा-करोड़ों युवाओं के लिए जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) प्रमुख परीक्षा होती है। इस परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा दो सेशन में किया जाता है। इस साल जेईई मेन में आवेदन का नया रिकॉर्ड बना है। जनवरी सेशन के मुकाबले अप्रैल सेशन में करीब 2.16 लाख नए उम्मीदवार जुड़े हैं। अप्रैल सेशन के लिए कुल 16 लाख से ज्यादा छात्रों ने आवेदन किया है, जबकि जनवरी सेशन में 14.10 लाख छात्र शामिल हुए थे।

इसका दूसरा सेशन यानी जेईई मेन सेशन 2 कल यानी 2 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इस सेशन की परीक्षा में भी देशभर के लाखों छात्र हिस्सा लेंगे। परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए इससे जुड़ी जरूरी गाइडलाइन जान लेना बेहद जरूरी है, ताकि वे परीक्षा में पूरी तैयारी के साथ पहुंचें। ड्रेस कोड या परीक्षा में एंट्री के समय को लेकर अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

2 से 8 अप्रैल के बीच दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

जेईई मेन के पेपर 1 – BTech/BE का आयोजन 2, 4, 5, 6, 7 और 8 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। छात्रों को परीक्षा से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले एंट्री बंद कर दी जाएगी। देर से आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।

परीक्षा केंद्र में एंट्री का समय

सुबह की शिफ्ट के लिए छात्रों को 7 बजे से 8:30 बजे तक ही सेंटर में प्रवेश मिलेगा। वहीं, दूसरी शिफ्ट के लिए 1 बजे से 2:30 बजे तक एंट्री दी जाएगी। एंट्री से पहले सभी छात्रों की फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच होगी, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में बैठने दिया जाएगा।


परीक्षा में इन चीजों को रखें अपने साथ

परीक्षा देने के लिए छात्रों को जो जरूरी चीजें लेकर जानी हैं, उनमें एडमिट कार्ड (Admit Card) और सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म (Self-Declaration Form) शामिल है। इसके अलावा एक पासपोर्ट साइज फोटो (जो फॉर्म में अपलोड की गई थी), कोई एक ओरिजिनल फोटो आईडी (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट), और एक ट्रांसपेरेंट बॉल पेन साथ रखना जरूरी है। ध्यान रखें कि फोटो कॉपी या मोबाइल में रखी आईडी मान्य नहीं होगी।

परीक्षा में क्या चीजें ले जाना है मना?

छात्रों को किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर आदि ले जाने की अनुमति नहीं है। केवल जरूरी सामान ही सेंटर पर लेकर जाएं।

ड्रेस कोड को लेकर ये नियम जान लें

इस परीक्षा के लिए कोई सख्त ड्रेस कोड नहीं है, लेकिन छात्रों को ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जिससे जांच में दिक्कत न हो। सभी छात्रों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। लड़कों को चेन, अंगूठी या भारी बटन वाले कपड़े पहनने से बचना चाहिए। वहीं, लड़कियों को दुपट्टा, स्टॉल या ज्यादा जूलरी पहनने से मना किया गया है। जूते की जगह चप्पल या सैंडल पहनना बेहतर रहेगा।

जींस पहन सकते हैं या नहीं?

जेईई मेन सेशन 2 परीक्षा में छात्र जींस पहन सकते हैं, लेकिन उसमें मेटल की जिप, बड़े बटन या ज्यादा सजावट नहीं होनी चाहिए, वरना एंट्री में परेशानी हो सकती है।

एग्जाम से पहले क्या रखें ध्यान?

छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय से पहले सेंटर पहुंचे, सभी जरूरी डॉक्यूमेंट साथ रखें और गाइडलाइन का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी आपको परीक्षा से बाहर कर सकती है, इसलिए पूरी तैयारी के साथ एग्जाम देने जाएं।

CBSE 10th 2nd Board 2026: खत्म हुआ एलओसी का पहला चरण, बोर्ड ने शिक्षकों को दिया परीक्षा के प्रश्न पत्र किसी से साझा न करने का निर्देश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।