JEE Mains Paper Leak Rumors: आज 21 जनवरी 2026 से देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) मेन के पेपर शुरू हुए हैं। और पहले ही दिन सोशल मीडिया पर छात्रों का एक ऐसी खबर से सामना हो गया है, जिसने उन्हें हिला दिया है। सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में जेईई मेन 2026 के पेपर लीक होने का दावा किया जा रहा है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 परीक्षा देने वाले सभी छात्रों और उनके अभिभावकों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सर्कुलेट हो रही फर्जी पोस्ट के खिलाफ चेतावनी दी है। एनटीए ने कहा है कि WhatsApp, Telegram और अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर सर्कुलेट हो रही ये पोस्ट पूरी तरह से फर्जी हैं। एजेंसी ने साफ किया कि जेईई मेन 2026 का पेपर लीक नहीं हुआ है। परीक्षा सुरक्षित और नियंत्रित माहौल में आयोजित की जा रही है। एनटीए ने यह चेतावनी अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए जारी की।
अपने पोस्ट में एनटीए ने छात्रों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी अनऑफिशियल मैसेज, लिंक या ग्रुप पर भरोसा न करें जो प्रश्न पत्र या आंसर की देने का वादा करते हैं। अपनी सार्वजनिक एडवाइजरी में, एनटीए ने बताया है कि ऐसी पोस्ट छात्रों को टारगेट करने वाले घोटालों का हिस्सा हैं। इनमें पर्सनल जानकारी या पैसे की मांग शामिल हो सकती है। उम्मीदवारों को सही जानकारी के लिए सिर्फ आधिकारिक स्रोत पर ही भरोसा करना चाहिए।
घोटाले का हिस्सा हो सकती हैं फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट
एनटीए ने अपनी पोस्ट में कहा कि जेईई मेन 2026 परीक्षा के पेपर लीक होने का दावा करने वाली पोस्ट असल में छात्रों को धोखा देने और ठगने के लिए हैं। इनमें से कुछ पोस्ट छात्रों से पेड ग्रुप में शामिल होने या परीक्षा के पेपर या हल के बदले अपनी पर्सनल जानकारी शेयर करने के लिए कहती हैं। ऐसी पोस्ट के जवाब में जानकारी शेयर करने या पेमेंट करने से छात्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। माता-पिता और छात्रों को सावधान रहने और इन फर्जी पोस्ट से दूर रहने की सलाह दी जाती है।
छात्रों के लिए ऑफिशियल गाइडेंस
एजेंसी ने सभी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को केवल आधिकारिक एनटीए चैनलों से ही अपडेट लेने की सलाह दी है। एजेंसी की ऑफिशियल वेबसाइट nta.ac.in ही जेईई मेन 2026 परीक्षाओं के बारे में जानकारी का एकमात्र सही सोर्स है।
निर्देशों का पालन करनें परीक्षार्थी
जेईई मेन 2026 सत्र की परीक्षाएं 21 जनवरी से 29 जनवरी तक हो रही हैं। इसमें शामिल उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा के दिनों में सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें और किसी भी गुमराह करने वाली जानकारी से सावधान रहें।
परीक्षा के समय सतर्क रहें
परीक्षा का मौसम में कई गुमराह करने वाली रिपोर्ट और फर्जी पोस्ट आती हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अनअधिकृत Telegram या WhatsApp ग्रुप में शामिल न हों, कोई भी संवेदनशील जानकारी शेयर न करें, और केवल ऑफिशियल एनटीए नोटिफिकेशन देखें।